जिले में कोरोना पूरी तरह से अपने पांव पसार चुका है। पिछले सात माह बाद शुक्रवार को जिले में रिकॉर्ड एक दिन में चार लोगों की कोरोना से मौत हो गई। इनमें 74 वर्षीय महिला जो कि उगाला की रहने वाली थी ने दम तोड़ दिया। इस महिला को शुगर की समस्या थी और वेंटिलेटर सपोर्ट पर चल रही थी। दूसरी मौत न्यू प्रीत नगर अंबाला कैंट निवासी 59 वर्षीय पुरुष की हुई, जोकि शुगर और उच्च रक्तचाप की समस्या से जूझ रहे थे। यह मरीज भी वेंटिलेटर सपोर्ट पर था। तीसरी मौत जगाधरी गेट अंबाला सिटी निवासी 63 वर्षीय पुरुष की हुई जो कि शुगर की समस्या से जूझ रहे थे और इस समय ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे। चौथी मरीज 89 वर्षीय महिला अंबाला सिटी की रहने वाली थी। यह महिला दिल की बीमारी से भी जूझ रही थी और ऑक्सीजन सपोर्ट पर थी। इस साल में पहली बार एक दिन में चार लोगों की जान गई है। अब तक जिले में कोरोना से 195 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें अप्रैल माह के 23 दिनों में 34 लोग कोरोना का शिकार बन चुके हैं। दूसरी तरफ शुक्रवार को 252 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए। अब तक जिले में 18 हजार 218 लोगों को कोरोना अपनी चपेट में ले चुका है। इनमें से 15550 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। इनमें शुक्रवार को डिस्चार्ज हुए 172 मरीज भी शामिल हैं। इस समय जिले में 2473 एक्टिव केस हैं। जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक 2 लाख 76 हजार 927 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लग चुका है। जिले की बात करें तो इस समय कुल 3 लाख 5 हजार 189 कोरोना के सैंपलों की जांच हो चुकी है। इसमें से 2 लाख 61 हजार 690 आरटीपीसीआर से लिए गए हैं। जबकि 43 हजार 499 एंटिजन किट से किए गए हैं।
यहां से मिले संक्रमित
अंबाला सिटी से 118, अंबाला कैंट से 50, शहजादपुर से 7, मुलाना से 23, बराड़ा से 12, नारायणगढ़ से 4, चौड़मस्तपुर से 38 मरीज संक्रमित मिले हैं। इनमें भी खटीक मंडी अंबाला कैंट, बाल्मीकि बस्ती अंबाला सिटी, काजीवाड़ा अंबाला सिटी, दर्जियां वाला चौक अंबाला सिटी, कोतवाली बाजार अंबाला सिटी, पटेल नगर अंबाला कैंट, नई बस्ती अंबाला सिटी से 1-1, प्रगति विहार अंबाला कैंट, सेक्टर-1 अंबाला सिटी, सेक्टर-8 अंबाला सिटी, बंगाली मोहल्ला, धूलकोट, सिविल लाइन अंबाला सिटी, विकास विहार अंबाला सिटी, वार्ड नंबर 2 नारायणगढ़ से 2-2, सराफा बाजार, महेश नगर अंबाला कैंट से 3-3, बलदेव नगर, सेक्टर-7 से 7-7 व अन्य जगह से संक्रमित मिले हैं।
9 से 12 बजे तक होगी ओपीडी
जिले भर के सभी अस्पतालों में ओपीडी के समय को घटाकर केवल चार घंटे का कर दिया गया है। अब ओपीडी केवल 9 बजे से लेकर 12 बजे तक ही होगी। जबकि बाकी समय डॉक्टर कोरोना मरीजों की देखभाल करेंगे। इसको लेकर सरकार की ओर से आदेश जारी कर दिए गए थे और शुक्रवार से यह समय जिले के सभी अस्पतालों में लागू भी हो गया। इसको लेकर 12 बजे के बाद अस्तपलों की ओपीडी में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा।
भाजपा के दिग्गज नेता संजीव जैन गोपचा को दी विदाई
भाजपा के दिग्गज नेता संजव जैन गोपचा को शुक्रवार को रामबाग स्थित श्मशान घाट में अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान मौके पर गृह मंत्री अनिल विज भी पहुंचे। बता दें कि गोपचा कई दिनों से बीमार चल रहे और उन्हें कुछ दिन पहले कोरोना भी हो गया था। हालांकि अब उनकी मौत कोरोना से हुई है स्वास्थ्य विभाग ने इसकी पुष्टि नहीं की।
सद्दोपुर में फिर बनाया जाएगा 100 बेड का कोविड अस्पताल
गत वर्ष सद्दोपुर में बनाए कोविड अस्पताल को अब फिर से दोबारा से चालू किया जाएगा। वहीं दूसरी और जिले में इस समय करीब 230 मरीज विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन है। करीब 110 से अधिक मरीज जिले के सरकारी अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। इनमें से ज्यादातर ऑक्सीजन सपोर्ट, वेंटिलेटर और बाईपेप पर सांसें ले रहे हैं।
कंटेनमेंट जोन में टिफिन सर्विस शुरू करेगा प्रशासन
कंटेनमेंट जोन में जिला प्रशासन संक्रमित मरीजों के लिए टिफिन सर्विस शुरू करेगा। मरीजों को डिस्पोजेबल थाली व अन्य जरूरत की वस्तुएं उपलब्ध करवाई जाएंगी जिन्हें आसानी से बाद में नष्ट किया जा सके। अभी तक यह सुविधा शुरू नहीं है।