गांव शाहपुर के नजदीक गोदाम में चल रहे तेल के खेल का पर्दाफाश पड़ाव पुलिस ने कर दिया। पुलिस ने पेट्रोल टैंकरों से तेल निकाल रहे चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पड़ाव थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि शाहपुर के पास गोदाम में पेट्रोल टैंकरों से तेल निकालने का खेल चल रहा है। यहां कुछ लोग टैंकर चालकों से सस्ता भाव में तेल खरीदकर धंधा चला रहे हैं। सूचना के आधार पर जब गोदाम में छापामारी की गई तो चार व्यक्तियों को तेल चोरी करते हुए पकड़ा गया। चारों की पहचान अमरजीत सिंह उर्फ जीती निवासी नन्हेड़ा, भगवान दास निवासी घसीटपुर, रमेश कुमार निवासी घरौंडा व नरेश कुमार निवासी जींद के तौर पर हुई है।