संवाद न्यूज एजेंसी
शहजादपुर। शहजादपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुए 1 करोड़ 20 लाख रुपये के बहुचर्चित वेतन घोटाले के मामले में आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने पूर्व एसएमओ डॉ. तरुण प्रसाद को काबू कर लिया।
तीन दिन के रिमांड के दौरान 2 लाख रुपये की बरामदगी करने के बाद रविवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया जबकि इस मामले में अपने खाते में कई गुना सैलरी डलवाने वाला एमपीएचडब्ल्यू जरनैल सिंह अभी फरार चल रहा है। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।
जांच में 94 लाख से बढ़कर 1.20 करोड़ तक पहुंचा घोटाला : इस वेतन घोटाले का खुलासा 12 मई 2026 को हुआ था। सीएम फ्लाइंग की टीम ने दबिश देकर 94 लाख के वेतन घोटाले का खुलासा किया था। जांच में पाया गया था कि डॉ. तरुण प्रसाद और एमपीएचडब्ल्यू जरनैल सिंह की मिलीभगत से 94 लाख के गबन हुआ है। दोनों आरोपी उसी समय से फरार चल रहे थे।
स्वास्थ्य विभाग ने अपने स्तर पर मामले की जांच की तो पाया कि 94 लाख की जगह 1 करोड़ 20 लाख रुपये का घोटाला हुआ है। इस मामले में विभाग की तरफ से 18 कर्मचारियों को भी नोटिस जारी किए गए है। यह वह कर्मचारी थे जिनके बैंक खातों में अतिरिक्त वेतन की राशि ट्रांसफर की गई थी।