संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। जिला परिषद के 30 वर्ष के इतिहास में पहली बार अध्यक्ष पद पर दोबारा चुनाव हुआ। राजेश कुमार लाडी पहले अध्यक्ष रहे, जो अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए और दो वर्ष के लिए दोबारा से चुनाव हुआ। वर्ष 1995 से जिला परिषद के अध्यक्ष व उप अध्यक्ष नियुक्त होने शुरू हुए। अब नवंबर 2027 तक मक्खन सिंह लबाना अपनी सेवाएं देंगे।
मक्खन सिंह लबाना व्यवसायी हैं। परिवार में तीन बच्चे एक बेटा व दो बेटियां हैं। वह स्नातक तक पढ़े हैं। लबाना ने 2009 में बसपा से चुनाव लड़ा था। इसके बाद वह करीब एक वर्ष के लिए इनेलो में भी रहे। 2019 विधानसभा चुनाव से भाजपा में आए। भाजपा में आने के बाद लबाना काफी समय तक कुरुक्षेत्र के पिहोवा विधानसभा एरिया में सक्रिय रहे, लेकिन उनको टिकट नहीं मिल सका। इसके बाद वह 2022 में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। मार्च 2024 में लबाना ने कांग्रेस में निर्मल सिंह का समर्थन किया, हालांकि उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन नहीं की थी। इसके बाद फिर 9 सितंबर को भाजपा में शामिल हो गए। लबाना ने कहा कि भाजपा में अब उनकी घर वापसी हुई है।
1995 से अब तक रहे जिला परिषद अध्यक्ष व उप अध्यक्ष
वर्ष 1995 से 2000 तक रिसाल सिंह अध्यक्ष और मेवा सिंह उप अध्यक्ष रहे। वर्ष 2000 से लेकर 2005 तक सुखविंद्र कौर अध्यक्ष, पाला राम उप अध्यक्ष रहे। वर्ष 2005 से लेकर 2010 तक ब्रह्मपाल राणा अध्यक्ष और पवन कुमार उप अध्यक्ष रहे। इसी तरह वर्ष 2010 से 2015 तक पिंकी गोला अध्यक्ष और गीता देवी उप अध्यक्ष रही। वर्ष 2016 से 2021 तक सुरेंद्र सिंह राणा अध्यक्ष और रजनीश शर्मा उप अध्यक्ष रहे। वहीं, जनवरी 2023 तक अब कार्यकारिणी चल रही है। इस कार्यकारिणी में राजेश कुमार लाडी अध्यक्ष बने थे और करनैल सिंह नगला उप अध्यक्ष बने थे। अब इसी कार्यकारिणी में मक्खन सिंह लबाना अध्यक्ष बने हैं।
अगले सप्ताह में नोटिफिकेशन आने के बाद संभाल सकते हैं कार्यभार
मक्खन सिंह लबाना अगले सप्ताह में नोटिफिकेशन आने के बाद जिला परिषद अध्यक्ष पद पर कार्यभार संभाल सकते हैं। लबाना ने कहा कि ग्रामीण विकास के रुके हुए कार्यों को पूरा करवाया जाएगा। सभी वार्डों में समान रूप से कार्य करवाए जाएंगे।