अंबाला सिटी। संदिग्धावस्था में लापता हुई सुरेंद्र कौर उर्फ जैलू बाबा की गुत्थी सुलझ गई है। महिला के भतीजे ने ही जमीन हड़पने के लिए अपने दोस्त के साथ मिलकर कार में गला दबाकर उसकी हत्या की थी और फिर उसके शव को एक खेत में ले जाकर दबा दिया था। शक के आधार पर पुलिस ने जब आरोपी भतीजे से पूछताछ की तो उसने सच उगल दिया। उसकी निशानदेही पर मंगलवार को जमीन खोदकर शव बरामद किया गया। साथ ही पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया गया। इस संबंध में नग्गल थाने में दर्ज गुमशुदगी के केस को हत्या की धारा 302 में तब्दील कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी मनप्रीत ही अपनी बुआ सुरेंद्र कौर की देखरेख करता था और उसी के साथ रहता था। पिछले कुछ समय से वह सुरेंद्र कौर से उसके नाम की दस मरले जमीन अपने नाम करवाने की बात कह रहा था। जबकि सुरेंद्र कौर उसे नशे की लत छोड़ने के लिए कहती थी। अपने नापाक इरादे में कामयाब नहीं होने पर मनप्रीत ने अपने पंजाब निवासी एक दोस्त के साथ मिलकर बुआ की हत्या की साजिश रची। फिर गुरुद्वारे की कलेक्शन कराने के बहाने अपने साथ कार में ले गया और हत्या कर दी। मामले में सुरेंद्र कौर के भाई अमरजीत सिंह की ओर से 11 जून को गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसमें बताया गया था कि 10 जून को शाम सात बजे के बाद सुरेंद्र कौर को नहीं देखा गया और वह कहीं लापता हो गई है। खोजबीन के बाद 11 जून को महिला का फोन कुरुक्षेत्र के होटल के रिसेप्शन स्टाफ से बरामद किया गया था। पूछताछ में पता चला कि कोई व्यक्ति होटल के बाहर फोन गिरा होने की बात कहकर रिसेप्शनिस्ट को देकर चला गया। अब पुलिस जांच कर रही है कि आखिर महिला का फोन किसने होटल में दिया। इस संबंध में डीएसपी सुल्तान सिंह का कहना है कि आरोपी मनप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या के समय एक अन्य युवक भी उसके साथ था, उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं। आरोपी को बुधवार कोर्ट से रिमांड पर लिया जाएगा ताकि केस के अनसुलझे पहलुओं से पर्दा हटाया जा सके।
ऐसे आया शक के दायरे में
- सुरेंद्र कौर के लापता होने के बाद मनप्रीत भी घर से गायब हो गया था। इस दौरान उसके हाव-भाव बदले हुए थे, क्योंकि जमीन को लेकर वह बुआ से झगड़ा करता था। ऐसे में परिवार को उस पर शक हो गया था। जब परिजनों ने उससे बुआ को गाड़ी में ले जाने के बारे में पूछा तो इधर-उधर की बातें करने लगा। उसने नहीं बताया कि बुआ को लेकर कहां गया। इसके बाद संदेह के आधार पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ।