वायु सेना स्टेशन अंबाला में नागा बाबा के दर्शनों के लिए आयोजित मेले के संबंध में प्रशासन की ओर से सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। ये प्रबंध उपायुक्त डॉ. साकेत कुमार और पुलिस उपायुक्त शहरी सुरेन्द्र पाल सिंह ने वायु सेना अधिकारियों के साथ तालमेल स्थापित कर पूरे किए है।
नगराधीश प्रतिमा चौधरी, नायब तहसीलदार अनिल कौशिक व प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने शनिवार की देर सायं वायु सेना स्टेशन के अंदर जाकर प्रबंधों का जायजा लिया।
प्रशासन की ओर से मुख्य द्वार पर सुरक्षा की दृष्टि से चार सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा महिलाओं व पुरूषों के लिये अलग-अलग लाइन बनाने के लिये डेढ़ किलोमीटर दूर तक बैरीकेटिंग की गई है। मुख्यद्वार पर जिला पुलिस और वायु सेना पुलिस की ओर से प्रत्येक व्यक्ति की तलाशी के बाद ही अंदर जाने दिया जाएगा।
किसी भी व्यक्ति को चाकू या सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील समझा जाने वाला समान अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। नागा बाबा के दर्शन के लिये वर्ष में सिर्फ एक बार फरवरी मास के दूसरे रविवार को द्वार आम जनता के लिये खोले जाते है और लगभग डेढ़ लाख व्यक्ति प्रति वर्ष दर्शन करते है।