अंबाला। कोहरा लगातार बढ़ रहा है। रात को दृश्यता काफी कम होने से सामने कुछ नजर नहीं आ रहा। वाहन चालक मुश्किल से धीमी गति से वाहनों को चला रहे। ऐसे में वाहन चालक हाईवे पर मौजूद सफेद पट्टी का सहारा लेकर चल रहे। जहां पर सफेद पट्टी गायब या धुंधली है वहां पर वाहन चालक अपने अनुभव से वाहन चला रहे हैं। जग्गी सिटी सेंटर के सामने, जग्गी सिटी सेंटर से सैन्य क्षेत्र, छावनी में बैंक रोड, रेलवे रोड और सर्विस लेन से कई जगह पर या तो लाइट बंद है या फिर टूट रही है। इतनी कम दृश्यता के चलते वाहन चालकों का वाहन चलाना मुश्किल हो गया। शुक्रवार रात को ऐसे हालात नजर आए और वाहन रेंगते रहे।
राष्ट्रीय राजमार्ग, लिंक रोड, ग्रामीण क्षेत्र व शहरी क्षेत्र में कहीं लाइट चालू है तो कहीं बंद पड़ी हैं। राजमार्ग से गुजरने वाले वाहनों की लाइट से ही कुछ रोशनी हो रही है। लेकिन कोहरे में कुछ नजर नहीं आ रहा। जगाधरी, सहारनपुर की ओर जाने वाले अधिकतर वाहन चालक डिपर का प्रयोग कर रहे हैं। तो कई वाहन चालक अपनी-अपनी गाड़ियाें को बड़े वाहनों के पीछे लगाकर धीरे-धीरे चल रहे थे। लाइट न होने के कारण हाईवे पर लगी सफेद पट्टियां नजर नहीं आ रही हैं। कई जगह सफेद पट्टी धुंधली होने के कारण वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
फोटो- 7
दृश्य-1
अंबाला शहर स्थित जग्गी सिटी सेंटर के सामने अंबाला-दिल्ली राजमार्ग पर लगी फेंसी लाइटों में से आधी लाइट बंद पड़ी हैं और आधी लाइट चालू हैं। इस कारण कोहरे में वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह से जग्गी सिटी सेंटर से सैन्य क्षेत्र की और जाने वाली सड़क पर रात के समय अंधेरा रहता है। इस कारण वाहन चालकों को रात के समय सफेद पट्टी नजर नहीं आ रही।
-
दृश्य-2
छावनी में बैंक रोड पर नगर परिषद की ओर से लाखों रुपये खर्च कर फैंसी लाइट लगाई गई थी। इनमें से कई लाइट खराब हैं और कुछ लाइट टूट रही हैं। इस कारण कोहरे में अंधेरा छाया रहता है।
दृश्य-3
रामबाग रोड, बीडी फ्लोर से करधान की और जाने वाली मुख्य सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइट जगह-जगह पर बंद पड़ी है इसके कारण रात के समय हादसा होने का अंदेशा बना रहता है। अंबाला छावनी बस स्टैंड से लेकर मोहड़ा तक सर्विस लेन पर स्ट्रीट लाइट लगाई गई थी। अब कई स्ट्रीट पर लाइट बंद पड़ी हैं। सर्विस लेन पर चलने वाले वाहन चालकों को अंधेरे में परेशान होना पड़ता है।
दृश्य-4
कोहरे के चलते दो पहिया वाहन से लेकर चौपहिया वाहन चालक तक परेशान होते रहे। वहीं कोहरे में सबसे ज्यादा परेशानी अंबाला से कालपी की ओर जाने वाले वाहन चालकों को हो रही है। इस मार्ग पर अधिकतर सफेद पट्टी नहीं हैं। इस कारण वाहन चालक धीरे-धीरे और अपने वाहनों को चला रहे थे। साथ ही अंबाला-जगाधरी राजमार्ग पर भी सफेद पटिट्यां धुंधली हो गईं हैं।
अभी दो से तीन दिन काफी कोहरा रहने की संभावना है। राजमार्ग पर जो लाइटें खराब हैं, उसके संबंध में एनएचएआई को सूचित किया जा रहा है। दोपहिया वाहन चालक सर्विस लेन पर अपने वाहनों को चलाएं। वहीं जो वाहन चालक राजमार्ग पर गाड़ी खड़ी कर रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- सुशील कुमार, आरटीए
अमृतसर दिल्ली मार्ग स्थित जग्गी सिटी सेंटर के पास बंद पड़ी लाइटें। संवाद
अमृतसर दिल्ली मार्ग स्थित जग्गी सिटी सेंटर के पास बंद पड़ी लाइटें। संवाद