नारायणगढ़। सरकार कोरोना काल में जिन पर फूल बरसा रही थी, वही सफाई कर्मचारी आज वेतन की मांग को लेकर सड़कों पर भटक रहे हैं। डोर-टू-डोर सफाई कर्मचारी यूनियन ने तीसरे दिन शुक्रवार को शहर के पार्षदों से मिलकर समय पर वेतन के भुगतान की मांग की।
जनसंपर्क अभियान में वार्ड 11 की पार्षद शिंपी गेरा ने कहा कि इस बारे में अध्यक्ष से बात हुई है। वेतन कर्मचारी का हक है। यह समय पर मिलना चाहिए। इसी प्रकार वार्ड 12 की पार्षद परविंद्र कौर, वार्ड 13 के पार्षद कुलदीप सिंह, वार्ड 14 की पार्षद सरोज शर्मा व वार्ड 15 के पार्षद जशन ढींगड़ा ने आश्वस्त किया कि अभी हुई बातचीत के मुताबिक जल्द अप्रैल महीने का वेतन मिल जाएगा।