फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंबाला में बाढ़ जैसे हालात, डूबी कालोनियां, मंत्री विज के घर घुसा पानी

Thu, 11 Aug 2016 01:20 AM IST
अमर उजाला/ब्यूरो/अंबाला
विज्ञापन
अंबाला में बाढ़ के हालात - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
चार घंटे की झमाझम बारिश ने जहां प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के आवास को जलमग्न कर दिया, वहीं ट्विन सिटी की दर्जनों कॉलोनियों को भी डूबो दिया। नगर निगम के तमाम दावे पानी में तिनके की तरह बह गए। मंत्री और अधिकारियों के दौरे कुछ काम नहीं आए और जनता भी प्रशासन को कोसती रही। हालात यह रहे कि सड़कों पर पानी भरा रहा और लोग अपने घरों से पानी निकालते रहे।
विज्ञापन


अंबाला में मानूसन सीजन की पहली झमाझम बारिश ने ट्विन सिटी के लोगों के लिए परेशानियां खड़ी कर दी। सुबह के समय लोग अभी घरों में सोये हुए थे और जब उठे तो देखा कि सड़कों पर पानी जमा है। धीरे-धीरे पानी लोगों के घरों में घुसना शुरू हो गया। लोगों ने घरों से पानी निकसी के सुबह से ही इंतजाम करने शुरू कर दिए ताकि पानी घरों में न घुसे, लेकिन बारिश इतनी ज्यादा थी कि कुछ समय बाद सड़कों पर काफी पानी इकट्ठा हो गया। निकासी तेजी से न होने के कारण यह पानी घरों में घुस गया, जबकि कईयों का सामान तक खराब हो गया।  सुबह से लेकर दोपहर तक लोग जहां घरों का सामान समेटते रहे, वहीं पानी निकालने में भी जुटे रहे। लोग जहां घर संभालने में लगे रहे, वहीं जिन सड़कों पर पानी भरा रहा, वहां से आवाजाही पूरी तरह से बंद रही। 

इन क्षेत्रों में बिगड़े हालात
बुधवार को हुई झमाझम बारिश के कारण ट्विन सिटी की दर्जनों कॉलोनियों में हालात बिगड़ गए। कैंट के बारह क्रॉस रोड, पक्की सराय, लालकुर्ती क्षेत्र, टिंबर मार्केट रोड, रामबाग रोड, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, रामकिशन कॉलोनी, शास्त्री कॉलोनी, गोविंद नगर, दुर्गा नगर, एकता विहार कॉलोनी, रामनगर, बीडी फ्लोर मिल के पीछे की करीब दो दर्जन कॉलोनियां, महेश नगर थाना रोड, महेश नगर की सड़कों पर पानी भरा रहा, जबकि लोगों के घरों में पानी रहा। इसी तरह अंबाला सिटी की इंको रोड, जंडली, कांवला, मनमोहन नगर, जगाधरी गेट, नगर निगम कार्यालय, सिविल अस्पताल रोड, नाहन हाउस, सर्कुलर रोड, नदी मोहल्ला, पुराना दिल्ली रोड, सेक्टर नौ, मॉडल टाउन, आदर्श नगर, अंबिका देवी मदिर रोड, कांग्रेस भवन रोड सहित कईं कॉलोनियों में जलभराव रहा। 
विज्ञापन


मंत्री अनिल विज की कोठी भी जलमग्न
अंबाला कैंट की शास्त्री कॉलोनी में इस बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए। कॉलोनी की सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को परेशानी हुई। खास बात यह है कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की कोठी में भी पानी घुस गया। उल्लेखनीय है कि पिछले साल भी मंत्री की कॉलोनी में पानी घुसा था और उनके आवास के बाहर तक पानी का जमावड़ा था। एक साल बाद भी फिर से वही हालात दिखे और कॉलोनी में फिर से पानी जमा हो गया। इतना ही नहीं मंत्री के आवास तक में पानी घुस आया। साफ दिख रहा है कि जब मंत्री का आवास तक जलभराव से सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता का क्या होगा? 

डीसी ने अंबाला सदर और शहर का दौरा, पानी निकासी के निर्देश
उपायुक्त प्रभजोत सिंह ने निगम, सिंचाई व जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ टांगरी नदी सहित अंबाला सदर और अंबाला शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दौरा करके जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां अधिक वर्षा के कारण पानी जमा है, वहां पर अतिरिक्त पंप सेट लगाकर पानी की निकासी सुनिश्चित करें। इसके अलावा उन्होंने सदर और शहर के मुख्य नालों में पानी निकासी का भी जायजा लिया और अधिकारियों को आदेश दिए कि जहां कहीं पानी निकासी में रुकावट है, वहां जेसीबी मशीन अथवा सफाई कर्मियों से तुरंत उस रूकावट को हटवाएं। उन्होंने अंबाला छावनी में महेशनगर, एकता विहार, रामबाग रोड, शास्त्री कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्रों का दौरा करके जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और समस्या के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने टांगरी और घग्गर नदियों में जल स्तर का मुआयना भी किया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करें कि किसी भी क्षेत्र में पानी अधिक समय तक न रूके। उन्होंने निगम अधिकारियों को यह निर्देश भी दिए कि जिन क्षेत्रों में खाली प्लॉट व अन्य कारणों से पानी जमा होने की संभावना है, वहां पर पानी उतरने के बाद फोगिंग इत्यादि भी करवाएं ताकि मच्छरों व अन्य कीटों से फैलने वाली बीमारियों की संभावनाओं को रोका जा सके। उन्होंने अंबाला शहर के नदी मोहल्ला, गुरुद्वारा मंजी साहिब, मॉडल टाउन क्षेत्रों में भी पानी की शीघ्र निकासी के लिए अतिरिक्त पंप सेट इत्यादि लगाने अथवा कोई अन्य वैकल्पिक प्रबंध करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें