अंबाला सिटी। नग्गल थाना क्षेत्र स्थित भीषनगढ़ पुल के पास शुक्रवार रात को मिले महिला के शव के मामले में नया मोड़ आ गया। मृतका की शिनाख्त कलरहेड़ी निवासी 22 वर्षीय ज्योति के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह एक हफ्ते से घर से लापता थी और पांच माह की गर्भवती थी।
शनिवार को फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉक्टरों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम हुआ। हालांकि प्राथमिक जांच में मौत का कारण डूबना सामने आया है, लेकिन पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। उधर, पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे मायके और ससुराल पक्ष में जमकर नोकझोंक हुई। एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते रहे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन करीब एक घंटे तक अस्पताल परिसर में हंगामा हुआ।
पोस्टमार्टम से पहले शव ले जाने को लेकर भी मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने नजर आए। आखिर में पुलिस की मौजूदगी में मृतक के शव को मायके पक्ष वाले अपने साथ छावनी की लाजवंती कॉलोनी में ही ले आए। उधर, पुलिस ने मृतक के पिता नरेंद्र की शिकायत पर पति शुभम और सास के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कर लिया है।
महिला ने किसी को नहीं ठहराया जिम्मेदार
मृतका ज्योति की मौत के बाद एक वायरल वीडियो भी सामने आया है। इसमें ज्योति बोल रही है कि वह अपने पति और बच्चे को मर्जी से छोड़कर जा रही है। इसमें मेरे ससुराल वालों और मां-बाप की कोई गलती नहीं है और न ही मेरे पति की। इन्हें कुछ न कहा जाए। इस वीडियो के बारे में जांच अधिकारी कर्मबीर सिंह ने बताया कि वीडियो भी जारी हो रहा है और यह वीडियो मृतक के पति ने दिखाया है। इसकी भी गहनता से जांच की जा रही है।
हफ्ते पहले दर्ज कराया थी गुमशुदगी
मृतका ज्योति के पिता नरेंद्र कुमार ने दामाद पर आरोप लगाए हैं कि उसने उनकी बेटी को जानबूझ कर मरने के लिए छोड़ दिया। ज्योति ने ढाई साल पहले कलरहेड़ी में प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से ही कई बार ससुराल वाले उसकी बेटी को दहेज के लिए ताने मारते थे। पिता ने बताया कि वह गर्भवती थी। बीते 15 दिनों से ज्योति अपने मायके छावनी की लाजवंती कॉलोनी में रहने के लिए आई थी। शनिवार को मायके में किसी बात पर नरेंद्र और उसके बेटे के बीच झड़प हो गई थी। इसी दौरान ज्योति ने अपने पति शुभम को बुलाया और उसके साथ चली गई। रविवार को शुभम ने अपने ससुर नरेंद्र को फोन कर बताया कि वह निजी चिकित्सक के पास ज्योति की जांच कराने आए हैं। पिता ने बताया इसके बाद सोमवार को उसके दामाद ने उसे फोन कर बताया कि ज्योति उससे झगड़ा करके छावनी की डिफेंस कॉलोनी में ही उतर गई। इसके बाद दामाद ने पंजोखरा थाना में ज्योति की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई। बताया जाता है कि मृतक के गर्भ में बच्चा मौत से पहले ही खराब हो गया था।