अंबाला सिटी। कोल्डड्रिंक में नशीली चीज पिलाकर पांच लोगों ने महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपियों ने उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली। पुलिस ने सभी आरोपियों पर सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। महिला से सामूहिक दुष्कर्म करने के सभी आरोपी नग्गल एरिया के हैं। पुलिस ने सभी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान जगौली के सुरेंद्र सिंह उर्फ शिंगारा, सकराहों के गुरजंट सिंह व अवतार सिंह, मटेहड़ी के लक्की व खन्ना माजरा के राजेश कुमार के तौर पर हुई है। पुलिस की मानें तो शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने महिला से दुष्कर्म की बात स्वीकारी है। अब उनके कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे आरोपियों ने महिला की अश्लील वीडियो बनाई थी। पीड़ित महिला वीडियो के जरिये ब्लैकमेल करने का आरोप भी लगाया था।
शहर की रहने वाली पीड़िता ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि दो अगस्त को वह क्षेत्र के एक गांव में अपनी सहेली से मिलने के लिए घर से निकली थी। सिटी बस स्टैंड से वह एक ऑटो में सवार हुई थी। ऑटो में चालक समेत पांच युवक और दो महिलाएं भी सवार थीं। ऑटो में सुरेंद्र नाम का युवक भी सवार था, जिसे वह जानती है। महिलाएं तो रास्ते में उतर गईं। इसके बाद बातों में उलझाकर आरोपी सुरेंद्र ने उसे कोल्डड्रिंक में कोई नशीली चीज पिला दी। इसके बाद उसे कोई होश नहीं रहा। दो-तीन घंटे बाद उसे थोड़ा होश आया। तब वह नग्गल रोड स्थित सफेदे के खेत में थी। महिला का आरोप था कि पांचों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली। वारदात के बारे में किसी को बताने पर आरोपियों ने वीडियो इंटरनेट पर डालने और जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद आरोपी उसे सिटी बस स्टैंड पर छोड़ गए। घर आने के बाद आरोपियों ने उसके मोबाइल फोन पर वारदात के दौरान बनाई अश्लील वीडियो भेज दी। इसके जरिये ही उसे ब्लैकमेल करने लगे। परिवार बर्बाद होने के डर से उसने अपने साथ हुए कृत्य की जानकारी किसी को नहीं दी। मगर ब्लैकमेलिंग की धमकियों से तंग आकर उसने अपने मुंहबोले भाई को पूरी वारदात के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
महिला से सामूहिक दुष्कर्म करने के पांचों आरोपियों को पकड़ लिया है। महिला एक आरोपी को जानती थी, इसलिए सबसे पहले उसे ही उठाया गया। उसकी निशानदेही पर ही दूसरे चारों आरोपी काबू किए गए। वारदात से जुड़े पुख्ता सबूत जुटाने के लिए आरोपियों से गहनता से पूछताछ चल रही है। - सुनीता ढाका, एसएचओ, महिला थाना, अंबाला