अंबाला। छावनी के महाराजा ढाबे के पास नेशनल हाईवे पर खड़े युवक से तीन बदमाशों ने एक लाख 1900 रुपये और एक मोबाइल जबरन छीन लिया। पहले तो दो बदमाश बाइक पर युवक का मोबाइल छीनकर फरार हो गए। फिर अपने ही एक साथी को बाइक पर युवक की मदद के लिए भेज दिया। जो युवक को आशीयाना काॅम्पलेक्स हुड्डा के सेक्टर-34 के एक कमरे में ले आया। तीनों आरोपियों ने मिलकर मारपीट कर मोबाइल के पेटीएम का पिन पूछकर एक लाख रुपये की राशि अपने खाते में डलवा ली। जाते हुए मोबाइल और जेब से 1900 की राशि लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने 20 अप्रैल को वारदात को अंजाम दिया था लेकिन पीड़ित ने अब थाने में शिकायत दी।
मनियारी का सामान खरीदने अंबाला आया था पीड़ित
पुलिस को दी शिकायत में शहजादपुर के राजपुताना मोहल्ला निवासी रजत ने बताया कि 20 अप्रैल को सदर बाजार में मनियारी का सामान लेने आया था। वह दिन के समय अंबाला कैंट महाराजा ढाबा के सामने खड़ा था कि अचानक बाइक पर दो लड़के आए और हाथ में पकड़ा मोबाइल छीनकर फरार हो गए। रजत पीछा करने लगा तो लुटेरों गैंग का व्यक्ति उसे मदद करने के बहाने उसे छावनी के आशियाना कॉम्पलेक्स हुड्डा सेक्टर-34 के एक कमरे में ले गया। इतने में मोबाइल झपटने वाले दो आरोपी भी मौके पर आए गए। धमकाया कि अगर एक लाख रुपये नहीं दिए तो जान से मार देंगे।
चार बारी में 20-20 तो दो बारी में 10-10 हजार किए ट्रांसफर
पीडि़त ने बताया कि आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी और फिर पेटीएम का यूपीआई नंबर मांगा। जबरन मोबाइल से चार बारी में 20-20 हजार और दो बारी में 10-10 हजार रुपये फोन से ट्रांसफर कर लिए। जेब से भी 1900 रुपये की राशि निकाल ली। जाते हुए किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ऑटो से घर पहुंचा। डरा होने के कारण किसी को नहीं बताया।रिश्तेदार को बताने के बाद थाने पहुंचा।
वर्जन
पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। सीआईए की टीम भी जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
जसपाल, जांच अधिकारी थाना पड़ाव