अंबाला सिटी। कॉलेजों में बुधवार को पोर्टल ओपन हो गया। पोर्टल के ओपन होने से पहली व दूसरी मेरिट में आए आवेदकों ने फीस भरी।
यह वह आवेदक थे, जो पहली और दूसरी मेरिट में आ गए थे, मगर अपनी फीस जमा नहीं करवा पाए थे। अब इन आवेदकों के लिए पोर्टल खोल गया। वहीं, जिन आवेदकों ने कॉलेजों में अभी तक एक बार भी आवेदन फार्म नहीं भरा था, उनके पंजीकरण के लिए भी पोर्टल खोला गया।
दरअसल, कॉलेजों में बीते दिनों पहली व दूसरी मेरिट जारी की गई थी, लेकिन उस दौरान पोर्टल भी सही तरीके से नहीं चला था। जिससे कई आवेदक फीस भरने से रह गए थे जबकि कई आवेदकों ने फीस नहीं भरी थी। राजकीय महिला महाविद्यालय अंबाला शहर की दाखिला नोडल अधिकारी प्रो. निशा बुराक ने बताया कि बुधवार को पहली व दूसरी मेरिट में आए आवेदकों की फीस भरने के लिए पोर्टल खोला गया। कॉलेजों में 30 जुलाई तक दाखिला प्रक्रिया चलेगी।
पॉलीटेक्निक में अभ्यार्थियों ने फीस भरी, कल तक ले सकेंगे दाखिला
शहर के राजकीय पॉलीटेक्निक व कल्पना चावला राजकीय महिला पॉलीटेक्निक में सीट आवंटित होने वाले आवेदकों ने भी बुधवार को संस्थानों में आकर फीस जमा करवाकर दाखिला लिया। शहर के राजकीय पॉलीटेक्नीक संस्थान के दाखिला नोडल अधिकारी धर्मवीर सैनी ने बताया कि संस्थान में दाखिला लेने के लिए लड़कों के लिए 5200 रुपये और लड़कियों एवं टीएफडब्ल्यू वर्ग के अभ्यर्थियों की 3700 रुपये फीस है।
ये देने होंगे दस्तावेज
संस्थान में दाखिले के लिए अभ्यर्थी अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, रैंक कार्ड, प्रोविजनल सीट आवंटन का पत्र, 10 वीं का प्रमाण-पत्र असली और उसकी फोटोकॉपी, परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, चरित्र प्रमाण-पत्र लेकर आएं। अभ्यर्थी अपने सीट आवंटन वाले संस्थान में जाकर 19 जुलाई तक दाखिला ले सकते हैं। अगर कोई अभ्यर्थी आवंटित सीट के लिए 19 जुलाई शाम 4 बजे तक संस्थान में जाकर रिपोर्ट नहीं करता तो उसकी आबंटित सीट स्वत: रद्द हो जाएगी। वहीं, शहर के कल्पना चावला राजकीय महिला पॉलीटेक्निक में 7 कोर्स में 120 दाखिले हुए। मंगलवार को संस्थान में 235 सीट आवंटित हुई थी। यह दाखिला 19 जुलाई तक चलेगा।