अंबाला। दीपावली की रात पटाखों व आतिशबाजी के कारण छावनी में 10, बराड़ा में चार और शहर में तीन जगह आग लगने की घटनाएं सामने आई। इसी तरह जिले में पटाखों के कारण लगी आग से करीब 45 लोगों के झुलसने के मामले भी सामने आए। आग लगने की घटनाएं होने से रात भर दमकल विभाग की गाड़ियां दौड़ती रही। छावनी व शहर में गोदाम, मकान, खाली प्लाॅट, झाड़ियों, दुकान, तूड़ी के कूप व गुहारे में आग लगी। पटाखों से किसी का हाथ झुलस गया तो किसी का चेहरा। वहीं, रात में कई झुलसने के मामले अस्पताल में पहुंचे।
छावनी के 12 क्रॉस रोड स्थित अंबेड़कर पार्क के साथ खाली प्लाॅट में कबाड़ के ढेर में आग लग गई। पंजाबी बाग में खाली प्लाॅट में सरकंडों में, कबाड़ी बाजार में डीडी इंटरनेशनल में तीसरी मंजिल में पड़े सामान में आग लग गई। चिड़िमार मोहल्ला में मकान में आग लगी। शास्त्री कॉलोनी में झाड़ियों में, चैन मंडी में गोरी साइंटिफिक दुकान में साइंस के सामान में, महेश नगर केडी अस्पताल के पास और खाली प्लाॅट में आग लगी। इसी प्रकार रंगिया मंडी में रेलवे की पटरियों के पास झाड़ियों में आग लगी। आर्मी एरिया में महिंद्रा स्कॉरपियो गाड़ी में आग लग गई। गांव डेरा सलीमपुर में गुहारे में आग लग गई थी।
दीपावली की रात पटाखों से कई जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आई। शहर नागरिक अस्पताल में करीब 30 से ज्यादा मामले पटाखों के कारण झुलसने के मामले आए। इसी तरह शहर के सर्कुलर रोड पर पुनीत कुमार के मकान में आग भी लग गई। आग लगने से यहां गोदाम में रखा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने से काफी नुकसान बताया जा रहा है। यह घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। इसी तरह भड़ी गांव में तूड़ी के कूप में आग लग गई। वहीं, मरदों साहिब गांव में बच्चा भारत भी पटाखे से आग लगने से झुलस गया। बच्चे को शहर नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां वह उपचाराधीन था। इसी तरह एक खाली प्लाॅट में भी आग लग गई थी।