मुलाना। क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टमनौली गांव में धान के अवशेष (पराली) में आग लगाने का मामला सामने आया है। कृषि विभाग के अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी किसान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
जांच अधिकारी एसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि हरियाणा अंतरिक्ष उपयोग केंद्र की ओर से 1 नवंबर को टमनौली गांव की एक लोकेशन पर आगजनी होने की सैटेलाइट तस्वीर व सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलने के बाद कृषि पर्यवेक्षक, पटवारी और ग्राम सचिव की एक संयुक्त टीम ने 2 नवंबर को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान पाया गया कि गांव के निवासी ओम प्रकाश के खेत (किला नं. 56//18) के करीब 1 एकड़ हिस्से में पराली जलाई गई थी।
घटना की पुष्टि होने के बाद, कृषि पर्यवेक्षक (साहा) मोहित कुमार की ओर से मुलाना थाने में लिखित शिकायत दी गई। जांच अधिकारी एसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी किसान के खिलाफ सरकारी आदेशों की अवहेलना और पर्यावरण को दूषित करने की धारा 223(ए) और 280 सहित पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 की धारा 15 के तहत प्राथमिक दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी गई है। वहीं, प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे पराली न जलाएं, अन्यथा सैटेलाइट निगरानी के जरिये पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-
आठ मामले हो चुके हैं दर्ज
जिले के चार अलग-अलग थानों में 8 किसानों पर पराली जलाने के मामले दर्ज हो चुके हैं। सैटेलाइट से प्राप्त रिपोर्ट के बाद प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण किया था। अंबाला सिटी के नग्गल थाने में 2 किसानों, बराड़ा में 3 किसानों, सदर थाना क्षेत्र में 2 किसानों और मुलाना थाने में 1 किसान के खिलाफ पराली जलाने को लेकर संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।