अंबाला। खेत में धान के अवशेषों में आग लगाने का जिले में पहला मामला सामने आया है। केंद्रीय प्रदूषण बोर्ड की टीम ने हल्दरी गांव में निरीक्षण कर इस मामले का खुलासा 26 अक्तूबर किया था। उस समय टीम ने मौके पर ही खेत मालिक को बुलाकर फानों में लगी आग को बुझवा दिया था। साथ ही करीब पांच हजार रुपये जुर्माना भी लगाया था। केंद्रीय प्रदूषण बोर्ड की टीम ने निकिता ग्रोवर की अगुवाई में दबिश दी थी। उपायुक्त के जरिये कार्रवाई की यह रिपोर्ट कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के पास पहुंची तो साहा कृषि विभाग के कर्मचारी अश्वनी कुमार की तहरीर पर महिला किसान विमला देवी पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अश्वनी कुमार ने बताया कि 26 अक्तूबर को केंद्रीय प्रदूषण बोर्ड की टीम ने हल्दरी गांव व आसपास निरीक्षण किया था। उस समय टीम ने आधे कनाल में धान के फानों में आग लगी पाई थी। मौके पर फोटोग्राफी की करवाई गई थी। बाद में खेत मालिक को बुलाने के बाद सामने ही बुलाकर आग बुझवाई गई थी। चेताया गया था कि दोबारा आग लगाई तो सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर, इस संबंध में साहा थाना प्रभारी कर्मवीर का कहना है कि कृषि विभाग से मिली सूचना के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गहनता से जांच के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी।