- आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी से मिले भीम आर्मी के सदस्य
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। ब्राह्मण माजरा गांव में एक परिवार पर डंडों और ईंटों से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने चार दिन बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामला महेश नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ब्राह्मण माजरा गांव का है। यहां पीने के पानी के सरकारी वाटर कूलर पर भैंसों को पानी पिलाने से रोकने पर विवाद हुआ था। हमले में तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई थीं, जिन्हें इलाज के लिए छावनी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने 15 नामजद आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट की धारा 3 (1)आर, 3 (1) एस, 3 (2) वीए में प्राथमिकी दर्ज की है।
इस मामले में भीम आर्मी के नेता कमल बराड़ा, राजेश, सोहेल मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने एसपी अजीत सिंह शेखावत से अपील की कि इस मामले में दोनों पक्षों में से जो भी दोषी हों उनकी गिरफ्तारी कर कार्रवाई की जाए। दोनों पक्षों की तरफ से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
वाटर कूलर पर भैंसों को पानी पिलाने पर हुआ था विवाद
पुलिस को दी शिकायत में ब्राह्मण माजरा निवासी सविता (34) ने बताया कि 29 मई की शाम करीब 6:30 बजे वह गली में लगे वाटर कूलर के पास खड़ी थी। इसी दौरान गांव के ही यक्षप और मोक्ष अपनी भैंसों को पानी पिलाने के लिए वहां पहुंचे। सविता ने उन्हें टोकते हुए कहा कि यह इंसानों के पीने का साफ पानी है और सुबह-शाम ही आता है इसलिए यहां पशुओं को पानी न पिलाएं। इस बात से नाराज होकर आरोपियों ने सविता को जातिसूचक गालियां दीं और धमकी देते हुए वहां से चले गए।
महिलाओं को पीटने का आरोप
शिकायत के अनुसार, कुछ ही देर बाद आरोपी यक्षप और मोक्ष अपने साथ कमल, रजत, नवीन, पारस, अनिल सहित करीब 13 अन्य युवकों को लेकर आए। सभी के हाथों में डंडे और लोहे के हथियार थे। आरोपियों ने आते ही सविता पर हमला कर दिया और उसके सिर व पीठ पर वार किए। सविता की चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोसी महिला सरोज और दया रानी उसे बचाने दौड़ीं, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। आरोपियों ने सरोज की पीठ पर लाठियां बरसाईं और दया रानी के सिर पर ईंट दे मारी। इससे वे लहूलुहान हो गईं। शोर सुनकर जब पीड़ित परिवार के अन्य लोग बाहर आए तो आरोपियों ने पूरे घर पर पथराव शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
डीएसपी करेंगे मामले की जांच
घायलों को नागरिक अस्पताल से कुरुक्षेत्र के आदेश अस्पताल रेफर किया गया है। महेश नगर थाना पुलिस ने पीड़ितों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरु कर दी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए केस की आगामी जांच कैंट डीएसपी हितेश कुमार को सौंप दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं और जल्द सभी पकड़ लिए जाएंगे।