एसडीएम कार्यालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर को घर जाते समय दोसड़का गुरुद्वारा के नजदीक अज्ञात बाइक सवार युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पिटाई के बाद युवक जान से मारने की धमकी देकर गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जगाधरी निवासी अभिषेक धीमान ने बताया कि वह एसडीएम कार्यालय में बतौर कंप्यूटर ऑपरेटर कार्यरत है। वीरवार को वह ड्यूटी खत्म कर कार में सवार होकर अपने घर जा रहा था। शाम करीब छह बजे दोसड़का गुरुद्वारा के पास सर्विस लेन पर कुछ युवकों ने अपनी कार उसकी कार के आगे लगा दी और उसे रोक लिया। उस कार में 3-4 लोग सवार थे। तभी एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने अभिषेक की गाड़ी का दरवाजा खोला व उसे बाहर निकाल कर मारपीट शुरू कर दी।