दीपावली व छठ पूजा से पहले ही नियमित ट्रेनों में कंफर्म सीट की बुकिंग बंद हो गई है और वेटिंग का आंकड़ा भी 300 के पार हो गया है। कुछ ट्रेनों में तो वेटिंग टिकट भी मिलनी बंद हो गई है। वहीं दूसरी तरफ रेलवे की ओर से चलाई जा रही स्पेशल ट्रेनों में भी टिकटों के लिए मारामारी शुरू हो गई है। दीपावली से पहले ही इन ट्रेनों में भी कंफर्म सीट नहीं मिल रही जबकि इन ट्रेनों में वेटिंग 100 के पार हो गई है।
इससे बिहार और यूपी जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। रेलवे की योजना है कि आने वाले दिनों में जिस मार्ग पर भीड़ बढ़ेगी तो वहां स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। रेलवे ने निगरानी के लिए टीम का गठन कर दिया है जो ट्रेनों के आरक्षण चार्ट पर नजर बनाए हुए है।
नियमित ट्रेनों में स्थिति
ट्रेन नंबर 12238 जम्मूतवी-वारणसी बेगमपुरा एक्सप्रेस में 48, 13152 कोलकाता एक्सप्रेस में 158, 14674 शहीद एक्सप्रेस में 100, 15708 अमृतसर-कटिहार जनसेवा एक्सप्रेस में 120, 15934 अमृतसर-न्यू तिनसुखिया एक्सप्रेस में 95, 12318 अकाल तख्त एक्सप्रेस में 199, 12332 हिमगिरी एक्सप्रेस में 80 है। 18104 अमृतसर-टाटा एक्सप्रेस में 181, 13006 अमृतसर-हावड़ा मेल में 200, 13308 गंगा-सतलुज एक्सप्रेस में 97, 12492 मौरध्वज एक्सप्रेस में 64, 12204 सहरसा गरीबरथ की एसी चेयर कार में 34, 15654 अमरनाथ एक्सप्रेस में 399 व 14524 हरिहर एक्सप्रेस की स्लीपर श्रेणी में वेटिंग का आंकड़ा 50 के पार हो गया है।
आरपीएफ की टीमें तैनात
आरपीएफ ने बिहार व यूपी की तरफ जाने वाली कुछ ट्रेनों को पहले ही चिह्नित कर लिया है। इन ट्रेनों के प्लेटफार्म पर आने से पहले ही आरपीएफ स्टाफ सतर्क हो जाता है जो ट्रेन में चढ़ने के लिए कंफर्म टिकट यात्रियों की मदद करता है।
दीपावली और छठ पर्व पर ट्रेनों में काफी भीड़ हो जाती है। यात्री सुविधाओं के तहत रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की गई है। यात्री नियमित ट्रेनों की जगह इन स्पेशल ट्रेनों में भी टिकट ले सकते हैं। इसके अलावा भी कुछ भीड़भाड़ वाले मार्ग पर स्पेशल ट्रेनों की घोषणा हो सकती है।
-नवीन कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।
स्पेशल ट्रेनों की वेटिंग
ट्रेन नंबर 05733 अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस की स्लीपर श्रेणी में 56 वेटिंग टिकट मिल रही है। इसी प्रकार 04518 चंडीगढ़-गोरखपुर में 110, 04530 बठिंडा-वाराणसी में 30, 04646 जम्मूतवी-बरौनी एक्सप्रेस की तृतीय एसी श्रेणी में 84, 04678 फिरोजपुर-पटना की स्लीपर श्रेणी में 43, 01653 वाराणसी-जम्मूतवी में 8, 05006 अमृतसर-गोरखपुर में 78, 04049 नई दिल्ली-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा में 21 वेटिंग मिल रही है।
खाली सीटें
ट्रेन नंबर 04526 अंबाला कैंट-सहरसा स्पेशल की स्लीपर श्रेणी में 262 सीटें खाली पड़ी हुई हैं। इसी प्रकार 04528 अंबाला कैंट-सहरसा में 127 सीटें, 05578 अंबाला कैंट-सहरसा में 217 सीटें खाली हैं।