सिटी नागरिक में उपचार के लिए इंतजार करते हुए मरीज। संवाद
- फोटो : kathua
अंबाला सिटी। मौसम में गर्मी बढ़ने के बुखार के मरीजों में भी इजाफा देखने को मिला है। गले और कान के दर्द के मामले भी बढ़ रहे हैं। अवकाश के बाद सोमवार को ओपीडी सेवाएं शुरू हुईं।
सोमवार को 1500 मरीज अपना उपचार कराने के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचे थे। इनमें से 15 प्रतिशत मरीज बुखार के ही देखने को मिल रहे हैं। दोपहर साढ़े 12 बजे तक तक मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं।
आज 100 से अधिक मरीज पहुंचे
ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. नेहा गोयल ने बताया कि इन दिनों वायरल फैल रहा है। इस कारण गले के मरीज भी अधिक संख्या में आ रहे हैं। सोमवार को ईएनटी की ओपीडी में 100 से अधिक मरीज पहुंचे थे। डॉ. नेहा ने बताया कि गले में संक्रमण के साथ- साथ इन दिनों कान में संक्रमण के भी मामले बढ़ रहे हैं। इसलिए बाहर निकलते समय अपने मुंह और कानों को भी ढक कर रखें और कान में बिना चिकित्सक सलाह के कुछ ना डालें।
बच्चाें को उबालकर पिलाएं पानी
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शुभज्योति प्रकाश ने बताया कि गर्मियों में अक्सर ही लोग बच्चों को पहले से ही कटे फल खिलाते हैं। ऐसे में फलों पर कीटाणु पैदा हो जाते हैं। इससे बच्चों को पेट संबंधी समस्या हो सकती है। इन दिनों बच्चों की ओपीडी भी 70 से अधिक हो रही है। इनमें से अधिकतर मामले खांसी, पेट दर्द और बुखार और जुकाम के देखने को मिल रहे हैं। दस्त लगने पर बच्चे को पानी उबाल कर पिलाएं।