उत्तरप्रदेश में चल रहे अंतर्राज्यीय भ्रूण लिंग जांच केंद्र का अंबाला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भंडाफोड़ किया है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शाहबाद (कुरुक्षेत्र) निवासी दो दलालों सहित कुल पांच आरोपियों को मौके से दबोचा। पकड़े गए आरोपियों से 15 हजार रुपये भी बरामद किए गए। सौदा 35 हजार रुपये में हुआ था। शेष 20 हजार रुपये कहां गए यह पुलिस जांच में पता चलेगा।
बता दें कि उत्तरप्रदेश में अंबाला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रेड की। पकड़े गए आरोपियों में कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में लक्की कॉलोनी निवासी कुलविंद्र और शाहाबाद के ही रावां गांव निवासी मनोज के अलावा अवैध रूप से सेंटर चला रहे उत्तरप्रदेश के बिजनौर जिले वासी मनोज उसके सहयोगी शशी और पंकज भी शामिल हैं। अंबाला स्वास्थ्य विभाग की ओर से उप सिविल सर्जन डॉ. बलविंद्र कौर, अतिरिक्त प्रवर चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय वर्मा और डॉ. विशाल ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। साथ ही मौके पर बिजनौर स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने के नोडल अधिकारी एसके निगम मौके पर पहुंचे। सभी आरोपियों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
ऐसे कसा टीम ने शिकंजा
दरअसल स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिल रही थी कि बिजनौर जिले में भ्रूण लिंग जांच केंद्र चल रहा है। इसी सूचना के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक गर्भवती महिला को भ्रूण लिंग जांच के लिए तैयार किया। इस महिला ने शाहाबाद निवासी मनोज और कुलविंद्र से संपर्क साधा। सौदा 35 हजार रुपये में तय हो गया। वीरवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 35 हजार रुपये महिला को दे दिए और सुबह 6 बजे उसके पीछे टीम चल दी। महिला ने दोनों दलालों से संपर्क किया और उसके साथ सहारनपुर, मुज्जफर नगर से होते हुए बिजनौर और वहां से नहटौर पहुंची। यहां पर प्रिंस डाइग्नोस्टिक सेंटर झील कॉलोनी, पीर की चुंगी के नजदीक एक गैर कानूनी अल्ट्रासाउंड केंद्र चल रहा था। महिला का वहां पर अल्ट्रासाउंड किया गया और उसके गर्भ में पल रहे भ्रूण को बेटी बताया गया। इसके बाद टीम ने मौके पर ही पांचों आरोपियों को धर दबोचा। साथ ही इस अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्र को सील भी कर दिया।
गुप्त सूचना के आधार पर अंबाला सिविल सर्जन ने जांच के लिए एक टीम गठित की थी। आज हमारी टीम उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले स्थित नहटौर में पहुंची और वहां पर एक प्रिंस डाइग्नोस्टिक सेेंटर में अवैध तरीके भ्रूण लिंग जांच करते हुए पांच आरोपियों को टीम ने मौके पर ही पकड़ लिया। सभी को उत्तर प्रदेश पुलिस के हवाले कर दिया गया है। आरोपियों से मौके से 15 हजार बरामद कर लिए गए हैं। पूरा सौदा 35 हजार में तय हुआ था। शेष राशि की जांच पुलिस कर रही है।
- डॉक्टर बलविंद्र कौर, उप सिविल सर्जन।