अंबाला-जगाधरी हाईवे पर गांधी मैदान के ठीक सामने पड़े बड़े-बड़े सीवरेज पाइप
अंबाला। अंबाला-जगाधरी हाईवे किनारे संबंधित अधिकारियों की अनदेखी के कारण हो रहे अतिक्रमण से हादसे का डर है। एक ओर जहां जगह-जगह पर रेहड़ियां हाईवे किनारे ही लग रही है, वहीं गांधी मैदान के सामने हाईवे पर कई माह से सीवर के बड़े-बड़े पाइप ही रखे हैं।
ये कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। इतना ही नहीं इन पाइपों को हटाने की जगह इसका इस्तेमाल प्रचार प्रसार के लिए किया जा रहा है। ऐसे में कोई भी बड़ा वाहन दूसरे वाहन को रात के अंधेरे में ओवरटेक करता है तो वह इससे टकरा सकता है। ऐसा ही एक हादसा 30 जून को छावनी नागरिक अस्पताल के ठीक सामने हुआ था। तेज रफ्तार क्रेटा कार हाईवे किनारे खड़े वाहन से टकरा गई थी। जबकि इस प्वाइंट पर हाईवे के साथ रेलिंग के भीतर चाय की रेहड़ियां लगी हुई थी। इसी तरह से पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं।
ट्रैफिक पुलिस कस चुकी है शिकंजा
बाजारों में अत्यधिक भीड़ होने के कारण गीता गोपाल चौक के निकट हाईवे पर वाहन खड़े हो रहे हैं। हालांकि कई बार इसको लेकर शिकायत भी हो चुकी है। बाकायदा ट्रैफिक पुलिस समय-समय चालान की कार्रवाई कर चुकी है। अब दोबारा से हाईवे पर यही स्थिति बनी हुई है। वाहन खड़े करके लोग बाजार में शॉपिंग करने के लिए चले जाते हैं।
वर्जन
समय-समय पर हाईवे किनारे खड़े वाहनों पर चालान की कार्रवाई की जाती है। अतिक्रमण हटाने का काम नगर परिषद व एनएचएआई का है। आगे भी उनकी तरफ से चालान की कार्रवाई की जाती रहेगी।
जोगिंद्र, ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज, अंबाला