अंबाला। छावनी के नागरिक अस्पताल में इन दिनों अव्यवस्थाएं मरीजों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। पिछले पांच दिन से सीटी स्कैन मशीन खराब होने के कारण मरीजों को 10 किलोमीटर दूर अंबाला सिटी नागरिक अस्पताल के चक्कर काटने पड़ रहे हैं या फिर उन्हें निजी सेंटरों पर जाकर अत्याधिक रुपये देने पड़ रहे हैं। हालांकि वीरवार को दिनभर दिल्ली से आए इंजीनियर द्वारा मशीन को दुरुस्त करने का काम चलता रहा। उधर, ओपीडी ब्लॉक की तीसरी मंजिल पर आयुष विंग में जाने वाले रैंप पर लगी ग्रिल यानी रेलिंग भी हिचकोले खा रही है।
इस ग्रिल को लगाने का मकसद यह है कि मरीज इसे पकड़कर रैंप पर चढ़ व उतर सकें लेकिन लंबे समय से यह रेलिंग हाथ रखते ही हिलने लगती है। ऐसे में मरीजों का भार तो दूर यह कभी भी गिर सकती है। बुधवार को ही एक महिला ने सोशल मीडिया पर इस रेलिंग की वीडियो वायरल पर अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए थे।
यूनानी, होम्योपैथिक व आयुर्वेदिक ओपीडी के मरीज होते हैं परेशान
आयुष विंग में रोजाना यूनानी, होम्योपैथिक व आयुर्वेदिक ओपीडी में मरीज आते हैं, जबकि यह रेलिंग भी ठीक तीसरी मंजिल पर बनी है। रैंप पर यह रेलिंग सुरक्षा का काम करती है, लेकिन अनदेखी के कारण मरीज कभी भी हादसे का शिकार हो सकते हैं। मरीजों को मजबूरन एक ही लिफ्ट से ऊपर नीचे आने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है, या फिर रैंप पर ही दीवार को पकड़कर धीरे-धीरे उतरना पड़ता है।
एक साल से अटके पड़े सीटी स्कैन के बिल, बिगड़ रही व्यवस्था
पीपीपी मोड पर चल रहे सीटी स्कैन सेंटर पर भी इन दिनों आर्थिक संकट गहराया हुआ है। स्वास्थ्य विभाग से आयुष्मान, बीपीएल आदि मरीजों के स्कैन की करीब 4 करोड़ की पेमेंट अटकी पड़ती है। करीब एक साल बाद भी यह बिल पास नहीं हो पाए है। कई बार संबंधित कर्मचारी व मालिक राशि पास करवाने के लिए पीएमओ व सीएमओ के समक्ष गुहार लगा चुके हैं बावजूद अभी तक राशि नहीं हुई, जबकि रोजाना इन बिलों की संख्या भी बढ़ रही है। इंजीनियर शुभम ने बताया कि एक साल से करीब 4 करोड़ रुपये पेमेंट अटकी हुई है और यह राशि बढ़ती जा रही है। खराब मशीन को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। जबकि हार्ट सेंटर की भी 4 करोड़ की पेमेंट अटकी होने के कारण उनके द्वारा आयुष्मान कार्ड के तहत उपचार बंद कर दिया था।
सीटी स्कैन मशीन को दुरुस्त करवाया जा रहा है ताकि मरीजों को परेशानी न हो। रेलिंग का मामला उनके संज्ञान में नहीं है। अगर वह खराब है तो उसे भी तुरंत ठीक करवाया जाएगा। सीटी स्कैन की पेमेंट का मामला उनके संज्ञान में नहीं है।
- डॉ. राकेश सहल, सीएमओ, अंबाला
आयुष विंग को जाने वाले रैंप की रेलिंग: संवाद