माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। एनडीआरआई में तीन दिवसीय राष्ट्रीय डेयरी मेला एवं कृषि एक्सपो का आयोजन छह मार्च से किया जा रहा है। इस बार का आयोजन खास रहने वाला है।
क्योंकि संस्थान की ओर से 42 वर्षों के प्रजनन के बाद तैयार कृत्रिम संकर नस्ल कर्ण फ्राइज व 2023 में तैयार क्लोन गंगा गाय और 39 माह में जन्मी उसकी बछिया श्रावणी को किसानों के अवलोकन के लिए प्रदर्शित किया जाएगा।
मेले में सात राज्यों से पहुंचने वाले किसान इन तीनों से उत्कृष्टता से रूबरू होंगे। खास बात यह है कि 150 से ज्यादा किसान अपने करीब 550 पशुओं के साथ मेले में पहुंचेंगे। जो यहां होने वाली प्रतिस्पर्धाओं में प्रतिभागिता करेंगे।
संस्थान के निदेशक डॉ. धीर सिंह ने बताया कि मेले में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के 50 हजार से अधिक किसान और पश्चिम बंगाल एवं बेंगलुरु के कुछ किसान अपने पशुओं के साथ मेले में भाग लेंगे। पशुपालकों को अपने पशुओं की उत्कृष्टता प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। साथ ही, आधुनिक कृषि और दूध परीक्षण तकनीक के बारे में भी जानने का अवसर मिलेगा, जिससे किसानों को काफी लाभ होगा।
आईसीएआर के कई सहयोगी संस्थान भी किसानों के सामने नई तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे।
चार प्रतियोगिताओं में देंगे 10 लाख रुपये के पुरस्कार :मेले में होने वाली प्रतियोगिताओं में उच्च दूध उत्पादन, सौंदर्य, ग्रामीण महिलाओं द्वारा पनीर बनाना आदि शामिल हैं।
इसके अलावा, महिलाओं के लिए विशेष रूप से पशु दुहने की प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इन्हें करीब 10 लाख रुपये के पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे। खास बात यह है कि मेले के अंतिम दिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 500 महिला किसानों को भी शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।