संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन को दोबारा तेज करने के लिए किसानों में नया जोश भर गया है। पहले भाकियू प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने शंभू बॉर्डर पर बैठे किसानों में जोश भरा। उसके बाद रविवार शाम को शंभू बॉर्डर पर पहुंचे राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने किसानों का उत्साह बढ़ाया। इसके बाद से ही शंभू बॉर्डर पर बैठे किसान 26 मई को काला दिवस मनाते हुए सरकार के खिलाफ हुंकार भर सके और पोल खोलने की तैयारी में लगे हैं। किसानों की टोलियां गांव-गांव जाकर किसानों को कार्यक्रमों के बारे में समझा रही है।
पिछले कई दिनों से शंभू बॉर्डर पर कार्यक्रमों का सिलसिला थमा हुआ है। लेकिन अब सभी किसान नए जोश के साथ सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेंगे। जब तक सरकार इन कृषि कानूनों को वापस नहीं ले लेती और किसानों की बात नहीं मान लेती हमारा प्रदर्शन ऐसे ही जारी रहेगा। - गुरजंट सिंह।
किसान टोलियां गांव-गांव जाकर अन्य किसानों को 26 मई को काला दिवस मनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। जिससे कि इस कार्यक्रम को प्रत्येक गांव में सफल तरीके से मनाया जा सके। किसानों के संघर्ष के आगे सरकार को इन कृषि कानूनों को वापस लेना ही होगा। - कर्म सिंह।
हम तो पिछले 5 माह से शंभू बॉर्डर पर बैठे हुए हैं। जब तक सरकार इन कृषि कानूनों को वापस नहीं ले लेती। तब तक हमारा प्रदर्शन, आंदोलन और संघर्ष जारी रहेगा। इस बीच चाहे जितनी मर्जी गर्मी हो जाए और चाहे जितनी मर्जी ठंड। इस बार तो बरसात से बचने का भी हम किसानों ने पूरा इंतजाम कर लिया है। - मोहन सिंह।
आज अंबाला से भी बहुत से किसान हिसार गए हैं। जो कि एक बार फिर लड़ाई की शुरुआत है। बीच में तो यह लड़ाई धीमी हो गई थी। प्रशासन ने किसानों पर लाठी बरसाकर इस आंदोलन को एक बार फिर शुरू कर दिया है। अब तो आंदोलन कानूनों की वापसी के बाद भी खत्म होगा। - श्याम सिंह।