शहजादपुर। बनौंदी स्थित नारायणगढ़ शुगर मिल से गन्ना उत्पादक किसानों के करोड़ों रुपये के बकाया का भुगतान न होने से रोषित किसानों का धरना 45 दिनों से शुगर मिल पर जारी है। संयुक्त किसान कमेटी की अगुवाई में चल रहे इस धरने को भाकियू (शहीद भगत सिंह) का समर्थन प्राप्त है। धरनारत किसानों का कहना है कि भुगतान के लिए वे ट्रैक्टर रोष मार्च, अर्धनग्न प्रदर्शन और केन कमिश्नर कार्यालय का घेराव कर चुके हैं। उन्हें आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला। संयुक्त किसान कमेटी के प्रधान सिंगारा सिंह, उप प्रधान गुरदेव सिंह ने बताया कि जब तक किसानों के बकाया का भुगतान नहीं होता उनका धरना लगातार जारी रहेगा।