- बोले- गन्ने के मूल्य में महज 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी किसानों साथ मजाक
संवाद न्यूज एजेंसी
शहजादपुर। गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की मांग पर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। यह धरना बनोंदी स्थित नारायणगढ़ चीनी मिल के बाहर चल रहा है। भाकियू (चढ़ूनी), गन्ना संघर्ष समिति और संयुक्त गन्ना किसान कमेटी इस आंदोलन का नेतृत्व कर रही हैं।
शनिवार को संयुक्त किसान मजदूर इंकलाब यूनियन के संयोजक धर्मवीर ढिंडसा अपने साथियों के साथ धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने किसानों की मांगों का पुरजोर समर्थन किया। ढिंडसा ने सरकार और चीनी मिल प्रबंधन की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि गन्ने के मूल्य में महज 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी अन्नदाता के साथ मजाक है।
यह बढ़ोतरी 415 रुपये से 430 रुपये प्रति क्विंटल की गई है। पिछले कुछ वर्षों में खाद, बीज, कीटनाशक, डीजल और कृषि मजदूरी की लागत में बेतहाशा वृद्धि हुई है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति खराब हुई है। ढिंडसा ने चेतावनी दी कि प्रदेश का समूचा किसान वर्ग इस मुद्दे पर एकजुट है। सरकार को इस आवाज को दबाने की भूल नहीं करनी चाहिए।
मिलों के मुनाफे पर सवाल
धर्मवीर ढिंडसा ने चीनी मिलों के मुनाफे का गणित समझाया। उन्होंने कहा कि मिलें गन्ने के एक-एक रेशे से मोटा मुनाफा कमा रही हैं। किसानों को उसका वाजिब हिस्सा नहीं मिल रहा है। मिलें ऊंची दरों पर चीनी बेच रही हैं। वे एथेनॉल, शीरा और खोई जैसे उप-उत्पादों से भी करोड़ों रुपये का राजस्व अर्जित कर रही हैं।
गन्ना आपूर्ति रोकने का आह्वान
संयुक्त किसान मजदूर इंकलाब यूनियन ने सरकार से मांग की है। चीनी और उप-उत्पादों की कमाई का पारदर्शी आकलन किया जाए। गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया जाए। यूनियन ने सभी गन्ना उत्पादकों से एकजुट होने का आह्वान किया। मांगें पूरी होने तक मिलों को गन्ना न देने को कहा गया है।