अंबाला सिटी। हरियाणा सरकार द्वारा चलाई जा रही खाद्य पोषण सुरक्षा (एफएनएस) स्कीम के तहत दलहनी फसलों को बढ़ावा देने के लिए खरीफ 2024 के दौरान कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से किसानों को विभिन्न मदों में अनुदान दिया जा रहा है। इसमें किसान को उड़द व मूंग के प्रदर्शन प्लांट लगाने पर 3600 रुपये प्रति एकड़ का अनुदान दिया जाएगा और एक किसान अधिकतम 2.5 एकड़ का लाभ ले सकता है।
इसके अलावा पॉवर ऑपरेटिड स्प्रे पम्प पर 3000 रुपये का अनुदान दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त हस्त चालित स्प्रे पम्प, जिप्सम/80 प्रतिशत डब्ल्यूजी सल्फर, सूक्ष्म तत्व, जैविक खाद, पौध संरक्षण रसायन, खरपतवारनाशक इत्यादि मदों पर भी अनुदान दिया जाना है। स्कीम का लाभ लेने के लिए विभाग की वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इस स्कीम में लाभार्थी किसानों का चयन पहले आओ पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। विभाग ने किसानों से जल्द पोर्टल पर पंजीकरण करवाने और योजना का लाभ उठाने की अपील की है।