बराड़ा। भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) के विरोध में गुरुवार को किसानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के जिला प्रधान मलकीत सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने ट्रंप का पुतला फूंका और प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम सतिंद्र सिवाच को ज्ञापन सौंपा।
नेताओं ने कहा कि भारतीय कृषि छोटे और सीमांत किसानों पर टिकी है, जबकि अमेरिका में कॉरपोरेट खेती को भारी सरकारी सब्सिडी मिलती है। ऐसे में यह समझौता देश की कृषि, खाद्य सुरक्षा और करोड़ों लोगों की आजीविका के लिए घातक साबित होगा। संगठनों ने सरकार से इस जनविरोधी समझौते को तुरंत निरस्त करने की मांग की है।