नारायणगढ़। धान की लिमिट बढ़वाने को लेकर सोमवार को नारायणगढ़ मार्केट कमेटी कार्यालय पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों ने ताला जड़कर जोरदार प्रदर्शन किया। भाकियू के युवा प्रदेश अध्यक्ष चमन गुर्जर ने आरोप लगाया कि गांव गिलमाजरी के किसान लखविंदर को गेट पास और लिमिट बढ़वाने के लिए एक हफ्ते तक दफ्तर के चक्कर काटने पड़े। आरोप है कि दो बार दफ्तर पहुंचने पर कर्मचारी ने किसान को धक्के देकर बाहर निकाल दिया और दरवाजा बंद कर लिया। इसके विरोध में बिफरे किसानों ने कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। इस दौरान गेट खुलवाने पहुंची पुलिस के साथ किसानों की तीखी बहस भी हुई।
मामला बढ़ता देख मार्केट कमेटी सचिव अखिलेश शर्मा और संबंधित कर्मचारी ने किसानों से माफी मांगी। सचिव ने बताया कि प्रति एकड़ 26 क्विंटल से अधिक की लिमिट के लिए पोर्टल पर 2,000 आवेदन आए हैं, जिससे दफ्तर में भीड़ बढ़ गई थी। व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए दो अतिरिक्त ऑपरेटर लगाए गए हैं और सत्यापन के बाद पात्र किसानों की लिमिट बढ़ाई जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान चमन गुर्जर ने गन्ने के रेट में 15 पैसे प्रति किलो की बढ़ोतरी को नाकाफी बताया और नारायणगढ़ चीनी मिल पर करीब 750 किसानों की 7 से 8 करोड़ रुपये की बकाया राशि के जल्द भुगतान की मांग की।