अंबाला सिटी। जिला अंबाला की मंडियों में पहले से ही व्यवस्थाएं बिगड़ती जा रही हैं। आवक अधिक होने के कारण आए दिन मंडियों में धान के ढेर लग रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के जिला अध्यक्ष जय सिंह जलबेड़ा व अन्य किसान नेताओं ने वीरवार को एजेंसी और मंडी प्रशासन पर तुलाई में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए दुर्गा नगर के सैलर में जा रहे ट्रकों को हिसार रोड पर ही रोक लिया और गाड़ियों काे दोबारा तौलने की मांग पर अड़ गए। इस दौरान हिसार रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम दर्शन कुमार ने पहुंच कर किसानों के कहने पर ट्रकों का वजन करवाया। इसके बाद किसानों ने जाम खोला।
इधर राइस मिलर्स एसोसिएशन के जिला प्रधान संजीव गर्ग ने कहा कि मंडियों में धान की आवक अधिक है। वहीं वजन करवाने के लिए मिल में वजन करवाने के लिए मशीनें लगी हुई हैं। उन्होंने खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों से भी धान का वजन करवाने के लिए प्राइवेट कांटे की मांग रखी है। राइस मिलर्स ने कहा कि अगर वजन करने के लिए उन्हें प्राइवेट कांटे नहीं मिले तो वे शुक्रवार से धान की उठान नहीं करेंगे।
किसानों का आरोप है कि पिछले दो दिनों से मंडी के सरकारी कांटे पर धान की तौलाई बंद है। किसानों ने कहा कि सेक्टर की तरफ पड़ी धान को बोरियों में भरकर सीधे ही राइस मिलर्स पर भेजा जा रहा है। जबकि पहले धान का वजन किया जाना चाहिए लेकिन एजेंसी व मंडी अधिकारी इसे नजरअंदाज कर रहे हैं। किसानों ने कहा कि बिना वजन किए ही धान की उठान से किसानों का नुकसान हो रहा है।
वर्जन
वीरवार को किसान यूनियन के नेताओं ने धान की तौलाई पर आरोप लगाए थे। इसी कारण किसानों ने धान से भरे ट्रकों को रोका था। किसानों के सामने ही ट्रकों का वजन करवाकर दिखाया गया है। अगर किसी भी ट्रक के वजन में गड़बड़ी पाई गई तो उस पर उचित कार्रवाई करवाई जाएगी।
दर्शन कुमार, एसडीएम अंबाला सिटी।