अंबाला सिटी। जिले के पीएमश्री राजकीय स्कूलों में अब विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी। इन सुविधाओं के लिए केंद्र और राज्य सरकार से बजट की मंजूरी मिल गई है और यह बजट स्कूलों में पहुंच भी गया है।
इन छह स्कूलों में 19 तरह की ग्रांट के लिए करीब 73.51 लाख का बजट मिला है। इन सुविधाओं में स्कूल का सौंदर्यीकरण होने से लेकर स्वच्छता, रैंप, एलईडी लाइट, फायर सेफ्टी समेत अन्य सुविधा के लिए बजट खर्च होगा। बीते वर्ष जिले के छह राजकीय स्कूलों को पीएम श्री स्कूल बनाया गया था।
इन स्कूलों में राजकीय स्कूल दुराना, रामबाग रोड, बराड़ा के उगाला, साहा, राजकीय कन्या स्कूल शहजादपुर, नारायणगढ़ शामिल है। इन पीएम श्री स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न से पढ़ाई होगी। वहीं, इस बजट को स्कूलों में खर्च करने को लेकर जिला परियोजना समन्वयक सुधीर कालड़ा ने स्कूल बीईओ व प्रधानाचार्यों की बैठक ली। उन्होंने स्कूल में बजट को खर्च करने के लिए उनका मार्गदर्शन किया। इस मौके पर सहायक परियोजना समन्वयक अनिल जगदेव भी मौजूद रहे।
बढ़ेगी पीएमश्री स्कूलों की संख्या, भेजे नाम
बीते वर्ष में जिला शिक्षा विभाग अधिकारियों ने जिले के हर खंड से दो-दो स्कूलों के नाम चिह्नित कर निदेशालय में भेजे। निदेशालय की ओर से पीएम श्री स्कूल बनाने के लिए इन स्कूलों में से चयनित किया जाएगा। बताया जा रहा है कि हर खंड से एक-एक और स्कूल पीएम श्री बनेगा। स्कूल के पीएम श्री बनने से जहां विद्यार्थी सीबीएसई बोर्ड से पढ़ाई करेंगे, वहीं विद्यार्थियों के लिए स्कूल में सुविधाएं भी बढ़ेंगी। बता दें कि जिले में पहले भी छह स्कूल पीएम श्री बनाए गए हैं और राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूलों की संख्या भी दस तक पहुंच गई है।
पीएमश्री स्कूलों में मिली 19 तरह की ग्रांट
ग्रांट नाम पैसा आया
स्कूल ग्रांट 6 लाख
रैंप के लिए 1.6 लाख
अखबार 1.8 लाख
आइडी कार्ड 1.77 लाख
एलईपी 3.99 लाख
वर्मी कंपोस्ट 60 हजार
एलईडी लाइटिंग 12 हजार
विज्ञान व गणित वृत 3 लाख
विज्ञान व गणित लर्निंग 1.20 लाख
स्कूल सौंदर्यीकरण 6 लाख
स्कूल टूर 10.71 लाख
स्वच्छता पखवाड़ा 60 हजार
फील्ड विजिट 60 हजार
फायर सेफ्टी 15 लाख
रंग-बिरंगे डस्टबिन 60 हजार
यूथ इको क्लब 1.5 लाख
वाहन 14 हजार
ट्विनिंग 1.2 लाख
स्टाफ प्रशिक्षण के लिए 1.15 लाख
वर्जन
पीएम श्री स्कूलों के प्रधानाचार्यों की बजट को खर्च करने के लिए बैठक ली गई। छह पीएम श्री स्कूलों में 19 तरह की ग्रांट के लिए 73.51 लाख का बजट मिला है। उन्होंने प्रधानाचार्य को निर्देश दिए है कि यह बजट समय पर खर्च कर विभाग को सूचित किया जाए ताकि विद्यार्थियों को जल्द सभी सुविधाएं मिल सकें। स्कूलों को सुंदर बनाया जाए। स्कूलों का सौंदर्यीकरण होने पर स्कूल भी सुंदर दिखें। स्कूलों में रैंप, आईडी कार्ड, एलईडी लाइट, स्कूल सौंदर्यीकरण समेत स्वच्छता के लिए बजट दिया गया है।
सुधीर कालड़ा, जिला परियोजना समन्वयक, अंबाला।