विजिलेंस ने मारा छापा, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट रेलवे स्टेशन के अनारक्षित टिकट केंद्र पर मंगलवार रात विजिलेंस (सतर्कता विभाग) ने छापा मारा। इस दौरान एक रेल कर्मचारी के पास से तय सीमा से अधिक अतिरिक्त नकदी बरामद की गई। विजिलेंस टीम ने मौके पर ही जांच शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मंडल कार्यालय भेजने की तैयारी है।
यह काउंटर कुछ समय से लगातार विवादों में रहा है। कुछ समय पहले यहां से जाली नोट चलाने का मामला सामने आया था। इसमें प्राथमिकी भी दर्ज हुई थी। अब जाली नोट कांड के बाद अतिरिक्त राशि मिलने का यह दूसरा मामला है। इससे रेलवे प्रशासन और वाणिज्य विभाग में खलबली मच गई है।
नियम का उल्लंघन
वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि विजिलेंस की आधिकारिक रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने पर ही स्थिति स्पष्ट होगी कि किस कर्मचारी से कितनी राशि बरामद हुई है। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। रेलवे नियमावली के तहत, टिकट काउंटर पर तैनात हर कर्मचारी को ड्यूटी शुरू करने से पहले अपनी व्यक्तिगत नकदी की घोषणा रजिस्टर में करनी होती है। घोषित राशि से अधिक या कम नकदी मिलना गंभीर वित्तीय अनियमितता मानी जाती है।