कोर्ट कॉम्प्लेक्स में तलाक दावे से संबंधित केस में पेशी पर आए पूर्व सीएमओ वीके शर्मा और उनकी बेटी पर ससुरालियों ने हमला कर दिया। इस दौरान वहां जमकर हाथापाई की गई और इसी को लेकर कोर्ट कॉम्प्लेक्स में हंगामा भी हो गया। डीसीपी अर्बन डॉ. अरुण सिंह के अनुसार इस मामले में वीके शर्मा की शिकायत पर आरोपी ससुरालियों पर थाना सिटी में केस दर्ज कर लिया गया है।
पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उन्हें कोर्ट कॉम्प्लेक्स में ही जान से मारने की धमकी भी दी है। थाना प्रभारी सिटी रजनीश कुमार ने बताया कि पीड़ित वीके शर्मा अंबाला में पूर्व सीएमओ के पद पर तैनात थे और अभी फिलहाल यमुनानगर में रह रहे हैं।
उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उनकी बेटी की शादी जालंधर में एक युवक से हुई थी। लेकिन शादी के बाद उनकी बेटी को ससुराल में विभिन्न तरह की मांगों को लेकर तंग किया जाता था। जिसके चलते उनकी बेटी वहां से वापस आ गई। एसएचओ के अनुसार उसके बाद इस मामले में तलाकदावा जालंधर कोर्ट में डाला गया, लेकिन पीड़ित वीके शर्मा ने इस बाबत ऊपरी अदालत में याचिका डालकर इस केस को जालंधर से किसी ओर शहर की अदालत में ट्रांसफर करने की अपील की और उनकी इस अपील को स्वीकार करते हुए इस केस को अंबाला की अदालत में ट्रांसफर किया गया।
इसी केस में सुनवाई के दौरान दोनों पक्ष अंबाला अदालत में आए हुए थे। लेकिन किसी बात को लेकर दोनों पक्ष कोर्ट परिसर में ही उलझ गए। थाना प्रभारी के अनुसार पीड़ित वीके शर्मा ने दी शिकायत में आरोप लगाया है कि कि उनके बेटी के पति व अन्य ससुरालियों कोर्ट परिसर में उन्हें व उनकी बेटी को पीटा है और जान से मारने की धमकी दी है। एसएचओ के अनुसार इस मामले में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।