बराड़ा-सढौरा मार्ग पर अतिक्रमण पर कार्रवाई करते हुए। संवाद
मुलाना। बराड़ा-सढौरा मार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के लिए सोमवार सुबह दोसड़का बाजार में पीडब्ल्यूडी की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई सीएम विंडो पर दी शिकायत के तहत की गई। एसडीओ आशा और ड्यूटी मजिस्ट्रेट साहा पंचायती राज एसडीओ संजय कुमार की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की।
टीम ने जेसीबी की मदद से दुकानों के आगे बने पक्के अवैध निर्माणों को तोड़ना शुरू किया, कई दुकानदार मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से कार्रवाई रोकने की गुहार लगाने लगे। करीब 40 मीटर क्षेत्र में जेसीबी लगातार अवैध कब्जों को हटाती रही। इस बीच दुकानदार एकजुट होकर अधिकारियों से मिले और लिखित में भरोसा दिया कि वे स्वयं अपने अतिक्रमण को हटाएंगे। नुकसान की आशंका जताते हुए उन्होंने कार्रवाई अस्थायी रूप से रोकने की मांग की। अधिकारियों ने दुकानदारों की लिखित अपील स्वीकार की और कार्रवाई को फिलहाल रोक दिया।
दुकानदारों को 15 दिन की मोहलत दी गई है। जून 2023 में भी पीडब्ल्यूडी ने दुकानदारों को अंतिम नोटिस देते हुए मुनादी कराई थी और एक हफ्ते में कब्जा हटाने को कहा गया था, लेकिन अधिकांश दुकानदारों ने विभाग के आदेशों को नजरअंदाज कर दिया था। ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ संजय कुमार ने बताया कि दोसड़का में बाजार से 40 मीटर तक पक्के अवैध कब्जों को हटा दिया गया था। इसी दौरान दुकानों ने आश्वस्त किया कि वो 15 दिन में स्वयं अवैध कब्जे हटा लेंगे। उन्होंने लिखित में पत्र दिया है। रिपोर्ट एसडीएम बराड़ा को सौंप दी है। आगामी कार्रवाई 15 दिन बाद अधिकारियों के दिशा निर्देशों पर की जाएगी।