कश्मीर से मैराथन करते हुए अंबाला पहुंची सान्या का स्वागत करते कैबिनेट मंत्री। प्रवक्ता
अंबाला। बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर मिलें। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि शहीद सैनिकों की स्मृति में कश्मीर से कन्याकुमारी तक मैराथन पर निकली हरियाणा की बेटी सान्या पांचाल अच्छा संदेश लेकर निकली है।
विज मंगलवार को छावनी पहुंची सोनीपत के रूखी गांव निवासी सान्या पांचाल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बच्ची नेक संदेश लेकर मैराथन कर रही है। इसका मकसद महिलाओं को आगे आने के अवसर मिलना और बताने के लिए ही हमारे देश में भिन्न-भिन्न धर्म, भाषाएं और जातियां हैं लेकिन कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत एक है।
मंत्री अनिल विज ने मैराथन पर निकली बच्ची को प्रोत्साहन स्वरूप अपने स्वैच्छिक कोष से एक लाख रुपए देने की घोषणा की। इस दौरान मौके पर मौजूद सान्या के पिता सुरेश, मां ऊषा के अलावा सान्या के गांव रूखी के मौजिज लोगों व पांचाल समाज के लोगों ने कैबिनेट मंत्री का प्रोत्साहन देने के लिए आभार व्यक्त किया।
13 को लाल चौक से शुरू की थी मैराथन
सान्या पांचाल ने बताया कि उसने 13 दिसंबर को कश्मीर के लाल चौक से अपनी मैराथन प्रारंभ की है। उसका लक्ष्य अप्रैल माह तक कन्याकुमारी में पहुंच अपनी यात्रा को पूरा करना है। उसने बताया कि महिलाओं को आगे लाने, शहीद सैनिकों को सम्मान देने व हरियाणा का नाम ऊंचा रखने के उद्देश्य से देश के एक कोने से दूसरे कोने तक मैराथन कर रही है।