अंबाला के गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज में वीरवार को रोजगार मेले का आयोजन हुआ। इसमें 350 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और मैक्डोनाल्ड जैसी बहुराष्ट्रीय कंपनी ने चयन प्रक्रिया चलाई। विद्यार्थियों की संवाद क्षमता और नेतृत्व गुणों का आकलन किया गया।
अंबाला। गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज में वीरवार को रोजगार मेले का आयोजन प्राचार्य डॉ रोहित दत्त के निर्देशन में किया गया। इस ड्राइव में कॉलेज के साथ जीएनआई मुलाना, गुरुनानक गर्ल्स कॉलेज यमुनानगर, एमएलएन कॉलेज यमुनानगर, जीएमआईईटीआई रादौर और राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय साहा के स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के लगभग 350 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कैंपस ड्राइव में प्रमुख बहुराष्ट्रीय कंपनी मैक्डोनाल्ड ने भाग लिया। कंपनी की ओर से एचआर प्रेरणा सोनी, ऑपरेशन कंसल्टेंट प्रीतपाल सिंह, दीपंकर एवं रोहित डोगरा उपस्थित रहे। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत सबसे पहले ग्रुप डिस्कशन आयोजित किया गया, इसका संचालन प्रेरणा सोनी, प्रीतपाल सिंह और दीपंकर ने किया। इसके बाद अंतिम चरण में साक्षात्कार आयोजित हुआ। इसका नेतृत्व ऑपरेशन कंसल्टेंट रोहित डोगरा ने किया। इस संपूर्ण प्रक्रिया में विद्यार्थियों की संवाद क्षमता, नेतृत्व गुण, तर्कशक्ति और आत्मविश्वास का मूल्यांकन किया गया।