अंबाला। 12 क्रॉस रोड बिजली निगम कार्यालय में रिटायर्ड कर्मचारी कल्याण समिति बिजली विभाग छावनी की बैठक हुई। अध्यक्षता शमा सिंह अत्रि ने की। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबे अरसे से चली आ रही मांगों के लिए दो घंटे का धरना दिया गया और नारेबाजी की।
इसमें सर्वप्रथम सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास कर देश में हो रही सड़क दुर्घटनाओं, आत्महत्या, मामूली झगड़े पर हत्या, नदी में डूबने से मौत, नशाखोरी व दुष्कर्म आदि की घटनाओं पर सचेत कर अंकुश लगाने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
कर्मचारियों ने मांग की कि हिमाचल व पंजाब की तर्ज पर 65, 70, 75, 80, 85 की आयु पर 5, 10, 15, 20 व 25 प्रतिशत बढ़ोतरी, कैशलेस सुविधा सभी बीमारियों व सभी अस्पतालों में लागू कर पेमेंट अस्पतालों में दी जाए, न की कर्मचारियों को देनी पड़े।
मेडिकल भत्ता तीन हजार रुपये प्रति मास देने, एलटीसी की सुविधा फैमिली पेंशनर्स को देने, डीए की किश्त कोविड- कारण 18 मास की फ्रीज की गई थी, इसको एरियर सहित देने, बिजली भत्ता दूसरे विभागों की भांति देने, लंबित भुगतान ब्याज सहित देने और कम्युटेशन की रिकवरी 15 वर्ष से घटाकर पहले की तरह 12 वर्ष करने मांग रखी गई। बैठक में विजय शर्मा, जय भगवान, सत्य सिंह नेगी, शमशेर सिंह, केएल कठपालिया, गुरनाम सिंह, मोहन लाल मौजूद रहे।