एमसीए के गेट पर कर्मचारियों ने अर्धनग्न होकर किया प्रदर्शन
- फोटो : Amar Ujala
डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाले सफाई कर्मचारियों ने बुधवार म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन अंबाला (एमसीए) के मुख्य गेट के पास बाहर अर्धनग्न होकर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने वेतन न मिलने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और ठेकेदारी प्रथा बंद करने की भी गुहार लगाई। इस बीच एमसीए का मुख्य गेट काफी घंटो तक बंद रहा और आने जाने लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, कर्मचारियों के प्रधान पवन ने बताया कि वह काफी समय से अपने वेतन की मांग को लेकर भटक रहे है। लेकिन कोई भी उनकी समस्या का समाधान करने को तैयार नहीं है और उल्टा झूठे आश्वासन देकर टाल दिया जाता है। उनका कहना है कि अगर उन्हें वेतन नहीं मिला तो वह आज डीसी कार्यालय के बाहर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करेंगे। जबकि इस प्रदर्शन से विभिन्न कालोनियों में कूड़ा भी नहीं उठा और आम जनता को बेहद परेशानी उठानी पड़ी।