अंबाला। कैंट स्थित रॉयल एनफील्ड शोरूम में कार्यरत एक कर्मचारी व उसके भाई पर मिलीभगत से 23 लाखों रुपये का गबन करने के आरोप लगे हैं। कर्मचारी ने अपने भाई के साथ मिलकर ग्राहकों से आरसी व इंश्योरेंस के नाम पर यह ठगी की। ग्राहकों से शोरूम के बजाय अपने कर्मचारी अपने भाई के निजी बैंक खातों में पैसे डलवाता था। अंबाला कैंट थाना पुलिस ने शोरूम मालिक हरमिंद्र सिंह ओबरॉय की तहरीर पर कर्मचारी दयाल बाग निवासी दीपक व राहुल पर प्राथमिकी दर्ज की। यह कार्रवाई विश्वासघात 316(4), धोखाधड़ी 318(4) की धाराओं के तहत हुई।
मॉडल टाउन निवासी शोरूम मालिक हरमिंद्र सिंह ओबरॉय ने बताया कि दयालबाग निवासी दीपक पिछले 5 साल से उनके पास काम कर रहा था। गबन का खुलासा तब हुआ जब रोहित बंसल नामक एक ग्राहक ने फोन कर बताया कि उसने इंश्योरेंस के लिए दीपक के नंबर पर 3162 रुपये फोन पे किए थे। अब तक इंश्योरेंस नहीं हुआ। जब हरमिंद्र सिंह ने दीपक से कड़ाई से पूछताछ की तो वह टालमटोल करने लगा। शक होने पर जब दीपक के भाई राहुल के एक्सिस बैंक के खाते की डिटेल निकलवाई तो वे दंग रह गए। पिछले 6 महीनों में उस खाते में 23 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन पाया गया। इसके बाद जब आरोपी दीपक के अपने खाते की जांच की गई तो उसमें भी पिछले 6 महीनों में 36 लाख रुपये का लेन-देन मिला। जांच में सामने आया कि आरोपी दीपक व उसके भाई राहुल मिलकर ग्राहकों को झांसा देते थे। वे इंश्योरेंस, आरसी और कंपनी के स्पेयर पार्ट्स की बिक्री का पैसा सीधे अपने खातों में डलवा लेते थे, जबकि ग्राहकों की आरसी और इंश्योरेंस शोरूम के आधिकारिक खाते से बनवा दी जाती थी। इस तरह उन्होंने शोरूम मालिक को करीब 23 लाख रुपये का चूना लगाया। संवाद