संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट पुलिस ने धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक पूर्व सेल्स एग्जीक्यूटिव और उसकी पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी पर अपनी ही कंपनी के 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मोबाइल फोन और रसीद बुक का गबन करने का आरोप लगा है।
मार्बल हाउस स्थित मेसर्स पालको एंटरप्राइज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक विवेक गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी। शिकायत के मुताबिक, कच्चा बाजार (पल्लेदार मोहल्ला) निवासी आशीष ग्रोवर उनकी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर तैनात था। उसका काम ग्राहकों से मोबाइल के ऑर्डर लेना, डिलीवरी देना और बिक्री की रकम वसूलना था।
कंपनी ने जब अपने स्टॉक और रिकॉर्ड का मिलान किया, तो पाया कि आरोपी ने ग्राहकों के नाम फर्जी बिल दिखाकर करीब 13.17 लाख के मोबाइल फोन का गबन कर लिया है। जब कुछ ग्राहकों से पुष्टि की गई, तो उन्होंने किसी भी तरह का ऑर्डर देने या सामान प्राप्त करने से साफ इन्कार कर दिया।
कैंट थाना के जांच अधिकारी हरिओम ने बताया कि आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद आरोपी आशीष ग्रोवर और उसकी पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत आपराधिक विश्वासघात 316(4), धोखाधड़ी 318(4) और आपराधिक अतिचार व धमकी 305 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस गायब मोबाइल, बिक्री की रकम और रसीद बुक की रिकवरी के लिए आरोपियों की तलाश कर रही है।
पत्नी के साथ मिलकर रची साजिश
आरोप है कि गबन की गई संपत्ति में से कुछ मोबाइल और एक्सेसरीज आरोपी की पत्नी गुरप्रीत ने कंपनी को लौटा दिए, लेकिन 10,45,965 मूल्य के मोबाइल अभी भी गायब हैं। इसके अलावा आरोपी को दी गई कैश रसीद बुक भी जमा नहीं कराई गई है। विवेक गुप्ता का आरोप है कि जब आशीष ग्रोवर से कंपनी के बकाया सामान और पैसों का हिसाब मांगा गया, तो उसने गाली-गलौज करते हुए अपनी ऊंची पहुंच का हवाला दिया और असामाजिक तत्वों से जान से मारने की धमकी दी।
-