अंबाला कैंट। ट्विनसिटी के सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में डायरियों के मरीजों की संख्या में इजाफा होने से संबंधित एरिया के लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया है।
सिविल अस्पताल की ओपीडी में भी डायरिया के लगभग दो दर्जन मरीज इलाज के लिए पहुंचे जिसमें छोेटे बच्चों से लेकर उम्रदराज तक के लोग शामिल हैं। इन मरीजों में केसरी का नौ महीने बच्चा मनदीप, लक्कड़ बाजार का बच्चा विपिन, मोची मंडी का बच्चा जतिन, शेरगढ़ की बच्ची माही व 23 वर्षीय निरंजन, कालाअंब का 23 वर्षीय यशपाल, पंजोखड़ा का हरजोत सिंह, शिवपुरी की शांति देवी, कालू, अमित का रविदास बाजार, डिफेंस कॉलोनी का गुरप्रीत सिंह व अन्य डायरिया से पीड़ित मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। उधर, डॉक्टरों ने मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
सीनियर सिटीजन पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि उनके इलाके में दो दिन से गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। जिस वजह से पूरे इलाके लोग परेशान हैं। उनके अनुसार बीच-बीच में तो पानी एकदम नाली के गंदे पानी जैसा काला आ रहा है और उससे दुर्गंध उठ रही है। उनके अनुसार वे इसकी शिकायत महकमे से कर चुके हैं, मगर कोई सुनवाई करने वाला नहीं है। उन्होंने डीसी अंबाला से इलाके के हालात सुधारने की मांग की है।