अंबाला। पंजोखरा पुलिस की बिजली बोर्ड कर्मचारियों के खिलाफ की गई एकतरफा कार्रवाई के विरोध में शुरू हुआ एचएसईबी वर्कर यूनियन का धरना वीरवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। अंबाला कैंट यूनिट के अधीन आने वाली सभी सब-यूनिटों में कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए रोष प्रकट किया।
बब्याल सब-यूनिट में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सर्कल सचिव सतबीर देसवाल ने कहा कि यूनियन कर्मचारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेगी। इस प्रकरण को लेकर पंचकूला में केंद्रीय परिषद के साथ विस्तार से चर्चा की गई है। परिषद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कर्मचारियों पर दर्ज गलत एफआईआर को तुरंत रद्द नहीं किया गया, तो यह आंदोलन केवल अंबाला तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे हरियाणा में किया जाएगा।