अंबाला। निजीकरण के खिलाफ हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं अधिकारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर शनिवार को अंबाला सर्कल में सब-यूनिट स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए गए। अवकाश का दिन होने के बावजूद काफी संख्या में कर्मचारियों ने धरने में हिस्सा लिया और सरकार के खिलाफ हुंकार भरी।
सर्कल सचिव सतबीर देशवाल ने कहा कि प्रशासन के साथ हुई बैठकों में केवल आश्वासन मिले हैं। यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत 11, 12 और 13 अगस्त को प्रदेशव्यापी हड़ताल तय है। आंदोलन का साथ देने के लिए विभिन्न किसान संगठनों (चढूनी और शहीद भगत सिंह किसान मोर्चा) के नेता खुलकर समर्थन में उतर आए हैं। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने दमनकारी नीति अपनाई, तो यह बड़ा जन-आंदोलन बनेगा।