अंबाला। केंद्रीय परिषद एचएसईबी वर्कर यूनियन के आह्वान पर बब्याल सब डिविजन में शुक्रवार सुबह नौ से 11 बजे तक कार्य लंबित रखकर विरोध प्रदर्शन किया गया। यह विरोध प्रदर्शन यूएचबीवीएन के अंतर्गत आने वाली 11 सर्किल में किया गया। इसका मुख्य कारण कैथल सर्कल में एसई द्वारा तानाशाही रवैया अपनाते हुए पूरे सर्कल के कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाना रहा। साथ ही कोर्ट से आदेश लाकर सभी कर्मचारियों को गिरफ्तार करवा दिया, जो कि एसई कैथल की कर्मचारियों के प्रति मानसिकता को दर्शाता है।
कर्मचारियों की जायज मांगों को सुनने के बजाय कर्मचारी नेताओं के खिलाफ द्वेषपूर्वक कार्रवाई की गई। कर्मचारियों के संवैधानिक अधिकार धरना प्रदर्शन पर रोक लगा कर पुलिस कार्रवाई की गई जो बहुत शर्मनाक बात है। यूनियन एसई कैथल की इस सोच का कड़ा विरोध करती है। इसी कढ़ी में केंद्रीय परिषद ने तुरंत संज्ञान लिया और उत्तर हरियाणा के सभी बिजली दफ्तरों में दो घंटे का विरोध प्रदर्शन करने के आदेश दिए।
केंद्रीय परिषद ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि ऐसे अधिकारियों पर तुरंत प्रभाव से नकेल कसी जाए जो समाज में तानाशाही करके माहौल खराब करना चाहते हैं। उन्होंने एसई कैथल के तबादले और कर्मचारियों की गिरफ्तारी को रद करने की मांग की। वहीं यह भी चेतावनी दी कि अगर इस मामले में उचित कार्रवाई न हुई तो पूरे हरियाणा में यह प्रदर्शन तेज कर दिया जाएगा। इस मौके पर सब यूनिट प्रधान जय नारायण शर्मा, यूनिट सचिव सोनू यादव, सब यूनिट से सतीश कुमार, मुकेश शर्मा, सुरिंदर सिंह, राजकुमार बंसल, विशाल कुमार जेई आदि मौजूद रहे।