शहर सिविल अस्पताल में स्थित निक्कू वार्ड, संवाद।
अंबाला सिटी। शहर के नागरिक अस्पताल में बने निकू (एनआईसीयू) वार्ड में बिजली की समस्या के लिए मंगलवार रात्रि को काफी चिंताजनक स्थिति बन गई। इसके चलते चिकित्सकों ने तत्काल फैसला लेते हुए निकू वार्ड में भर्ती तीन नवजातों को छावनी के नागरिक अस्पताल भेजा।
दरअसल मंगलवार रात करीब नौ बजे डाॅक्टरों को सूचना मिली थी कि निकू वार्ड में बिजली ट्रिप हो रही है। इसके बाद कर्मचारियों ने पीएमओ को इस बारे में सूचित किया और नवजातों को छावनी नागरिक अस्पताल में भेजा गया। निकू वार्ड के इंचार्ज डॉ. अरविंद्र ने बताया कि अस्पताल के निकू वार्ड में लेवल टू नर्सरी सुविधाएं दी जा रहीं है।
उन्होंने बताया कि उन्हें जब सूचना मिली तो उन्होंने तुरंत बिजली कर्मी को बुलाया और समस्या के बारे में पता लगवाया। बिजली की समस्या के चलते नवजात को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए उन्हें छावनी अस्पताल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि वार्ड में तीन नवजात ऐसे है जिन्हें दूध पीने में परेशानी हो रही थी। दूध पिलाने के लिए मशीन का उपयोग किया जाता है। इसके साथ ही नवजातों के वार्मर का भी इस्तेमाल किया जाता है। वहीं बिजली की सप्लाई बाधित न हो इसके लिए वार्ड के लिए जनरेटर भी लगाया गया है। लोड वायर के ट्रिप करने के चलते बिजली समस्या हो रही थी।
वर्जन
बिजली की समस्या के कारण कोई परेशानी न हो इसके चलते पीएमओ को सूचित करने के बाद नवजातों को छावनी अस्पताल भेजा गया है। बिजली की समस्या को जब तक ठीक नहीं किया जाता तब तक निक्कू वार्ड के किसी भी कर्मचारी को छुट्टी नहीं दी जाएगी। आगे इस प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए बिजली संबंधी कार्य किया जा रहा है। वार्ड में कोई गंभीर समस्या नहीं हुई।
डॉ.अरविंद, इंचार्ज निकू वार्ड