अंबाला। वार्ड स्तर पर बिजली निगम की ओर से पीएम सूर्या दरबार लगाए जाएंगे ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान हो सके। बिजली निगम ने अंबाला छावनी क्षेत्र में लगने वाले दरबार का शेड्यूल जारी कर दिया है ताकि उपभोक्ता निर्धारित तारीख पर अपने क्षेत्र में लगने वाले दरबार में पहुंच सकें। बिजली दरबार में उपभोक्ताओं की मदद करने के लिए कैंट के तीनों अभियंता भी तैनात रहेंगे जोकि उचित कार्रवाई करने के बाद अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपेंगे।
यहां लगेंगे बिजली दरबार
अंबाला छावनी के कीर्ति नगर शिव कुटीर मंदिर में 6 अक्तूबर को बिजली दरबार लगाया जाएगा। इसी प्रकार आठ अक्तूबर को गोबिंद नगर बांके बिहारी मंदिर में, 6 अक्तूबर को गरनाला गांव के शिकायत केंद्र पर और छावनी गोल्डन पार्क दयालबाग धर्मशाला में, 9 अक्तूबर को जनेतपुर के सरकारी स्कूल, 13 अक्तूबर को कबीर नगर में अजीत नगर पार्क के सामने, 6 अक्तूबर को मच्छौडा गुरुद्वारा, फैजलपुर पंचायत घर, पल्लेदार मोहल्ला छावनी व ललाना धर्मशाला, 8 अक्तूबर को चंद्रपुरी गुरुद्वारा, दुखेड़ी शिकायत केंद्र, शिवपुरी कॉलोनी व ठरवा धर्मशाला में, 9 अक्तूबर को घसीटपुर गुरुद्वारा, मोहड़ा रविदास धर्मशाला व उगाड़ा धर्मशाला और 11 अक्तूबर को सुंदर नगर गुरुद्वारा साहिब में सुबह 9 बजे से एक बजे तक बिजली दरबार लगाया जाएगा।
वार्ड पार्षदों की ली जाएगी मदद
इसके अलावा वार्ड स्तर पर भी पार्षदों से संपर्क किया जाएगा ताकि अगर उनके वार्ड में भी कोई दिक्कत या परेशानी है तो उसके समाधान को लेकर भी निर्देश जारी किए जा सकें। मौजूदा समय में कुछ वार्डों में बिजली के खंभों सहित लटकती तार की समस्या गंभीर है। बिजली निगम ने बेशक कुछ क्षेत्रों से बिजली के खंभों व तारों को दुरुस्त कर दिया है, लेकिन गली-मोहल्लों विशेषकर रिहायशी क्षेत्रों में अभी भी यह समस्या बरकरार है जोकि स्थानीय निवासियों के लिए एक बड़ी मुसीबत है।
- बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर अंबाला छावनी में वार्ड स्तर पर पीएम सूर्या दरबार लगाने का फैसला किया गया है ताकि उपभोक्ताओं को कार्यालय के चक्कर न काटने पड़े।
- विकासदीप, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम, अंबाला कैंट।