अंबाला सिटी। बढ़ती गर्मी को देखते हुए बिजली निगम ने ट्रांसफार्मर का रखरखाव करवा शुरू कर दिया है। अंबाला शहर डिविजन में सात हजार ट्रांसफार्मर की मरम्मत की जाएगी। निगम ने सबसे पहले शहरी क्षेत्र में पड़ने वाले ट्रांसफार्मर को चिन्हित किया है। शहरी क्षेत्र में पड़ने वाले 200, 400, 600 और 700 केवी के ट्रांसफार्मर का तेल जल्द ही बदला जाएगा ताकि गर्मी में उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से बिजली मिल सके। देखने में आता है कि जैसे ही गर्मी बढ़ती है तो ट्रांसफार्मर पर लोड पड़ता है। कई ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने से खराब हो जाते हैं और उनमें आग तक लग जाती है, इसी को लेकर निगम ट्रांसफार्मर का तेल चेक करा रहा है।
दरअसल, निगम के कर्मचारी शहरी क्षेत्र के बाद ग्रामीण क्षेत्र के ट्रांसफार्मर का तेल चेक करेंगे। सबसे पहले उन एरिया के ट्रांसफार्मर का रखरखाव किया जाएगा, जिन ट्रांसफार्मर पर लोड ज्यादा रहता है और वह शहर के मुख्य और बड़े ट्रांसफार्मर हैं। कई ट्रांसफार्मर ऐसे है, जहां निगम ने काफी समय से तेल चेक नहीं किया है। अब सभी ट्रांसफार्मर का तेल चेक किया जाएगा। बिजली निगम शहर डिवीजन के एक्सईएन सुखबीर सिंह ने बताया कि शहर डिविजन में करीब सात हजार ट्रांसफार्मर हैं। प्रथम चरण में शहरी क्षेत्र के ट्रांसफार्मर का तेल किया जा रहा है ताकि गर्मी के सीजन में कोई दिक्कत न आए। कई बार रखरखाव न होने से ट्रांसफार्मर के खराब होने का खतरा बना रहता है। ऐसे हादसों से बचने के लिए पहले ही यह कदम उठाया गया है।