अंबाला सिटी। गर्मी में किसी कारण बिजली गुल होने पर दूसरी फीडर से उपभोक्ताओं को बिजली मिलेगी। इससे उपभोक्ताओं को गर्मी में परेशानी नहीं होगी। इसको लेकर निगम कार्य कर रहा है। निगम अंबाला सर्कल में सभी फीडर को आपस में जोड़ने की कार्यवाही कर रहा है।
दरअसल, गर्मी में अगर किसी फीडर पर कोई फॉल्ट आता है तो उसे ठीक करने में कई-कई घंटे भी लग जाते हैं। ऐसे में उस फीडर के क्षेत्र के लोगों को बिजली नहीं मिल पाती और गर्मी में फॉल्ट ठीक होने तक दिक्कत रहती है, मगर निगम सभी फीडर को आपस में जोड़ने की योजना पर विचार कर रहा है, जिससे किसी एक फीडर पर बिजली बंद होने पर उसे दूसरे फीडर से चलाया जा सकेगा। बता दें कि अंबाला सर्कल में 434 से ज्यादा फीडर चल रहे हैं।
1 करोड़ यूनिट प्रतिदिन तक हो जाती है खपत
अभी गर्मी का सीजन शुरू हुआ है तो बिजली खपत 50 लाख यूनिट प्रतिदिन से ऊपर पहुंच गई है। ग्रामीण क्षेत्र के फीडर दिन में बंद होने से अभी यह खपत करीब 20 लाख यूनिट प्रतिदिन तक कम चल रही है। जैसे ही ग्रामीण क्षेत्र का लोड बढ़ेगा तो यह खपत भी बढ़कर 70 लाख यूनिट प्रतिदिन तक पहुंच जाएगी। इसके बाद कृषि फीडर का लोड बढ़ने पर यह लोड एक करोड़ यूनिट तक भी पहुंच जाता है।
अघोषित कट पर भी विभाग की नजर, कई ट्रांसफार्मर को दी राहत
ग्रामीण क्षेत्र के मुकाबले शहरी क्षेत्र में लोड ज्यादा रहता है। इस वजह से अघोषित कट भी लगने शुरू हो जाते हैं। निगम ने इस बार ढीली तारों को ठीक किया है। इसी तरह सेक्टर में भी लोड बढ़ने पर गर्मी में दिक्कत होती है। जिन ट्रांसफार्मर पर लोड ज्यादा चलता है, उन पर निगम की ओर से नजर बनाई जा रही है।
निगम की टीम ऐसे ट्रांसफार्मर का समय-समय पर सर्वे भी करती है। जिससे उन से लोड कम किया जा सके। निगम ने शहर में कई ट्रांसफार्मर को लोड बढ़ाया है और कई नए ट्रांसफार्मर भी लगाए हैं। जिससे उनका इस बार लोड कम होने की उम्मीद है।
वर्जन
अंबाला सर्कल में फीडर को आपस में लिंक करने पर निगम कार्य कर रहा है ताकि किसी फीडर के क्षेत्र में बिजली गुल होने पर वहां पास वाले फीडर से बिजली चलाई जा सके। कई फीडर को आपस में लिंक कर भी दिया गया है। इससे फीडर पर दिक्कत होने पर भी उपभोक्ताओं को बिजली मिल सकेगी।
वीके गोयल, अधीक्षक अभियंता, बिजली निगम।