बराड़ा। नगर पालिका चुनाव की ओर से कई दिनों से चल रहा प्रचार शुक्रवार शाम को थम गया। प्रचार के अंतिम उम्मीदवारों ने पूरी ताकत झोंक दी और मतदाताओं को रिझाने का हर संभव प्रयास किया।
शुक्रवार को बाजार में अपने समर्थकों के साथ प्रत्याशी नजर आए। चुनाव के दौरान हर उम्मीदवार बराड़ा के विकास के नाम पर वोट मांग रहा है। हर उम्मीदवार का यही वायदा कर रहा कि बराड़ा में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाई जाएगी। घर-घर से कूड़ा एकत्रित करना, पानी निकासी, पार्किंग व्यवस्था, एनडीसी का मुद्दा समेत कई मुद्दों को हर उम्मीदवार भुनाने का काम कर रहा है।
बन रहा कड़ा मुकाबला
प्रत्याशियों में कोई समाजसेवा तो कोई बिरादरी और कोई पार्टी के बल पर खुद की जीत की दावेदारी कर रहा है। कुल मिलाकर चेयरमैन पद के लिए सात उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा वार्ड पार्षदों के बीच भी कड़ा मुकाबला बना हुआ है। एक-एक वार्ड से कई उम्मीदवार मैदान में उतर हैं, जिससे मुकाबला टक्कर का बना हुआ है।
कांग्रेस नहीं खड़ा कर सकी उम्मीदवार
चुनाव के दौरान चर्चाओं में सबसे ज्यादा कांग्रेस पार्टी रही। लोगों में चर्चा रही कि यहां से सांसद और विधायक दोनों ही कांग्रेस पार्टी से हैं, लेकिन अध्यक्ष पद के लिए कोई उम्मीदवार तैयार न कर सकना प्रश्न चिन्ह लगाता है। इसके अलावा पार्टी की ओर से किसी उम्मीदवार को खुले तौर पर समर्थन भी नहीं दिया गया। इसके अलावा वार्ड पार्षदों में भी कहीं कांग्रेस समर्थित नहीं दिखाई दे रहा।